खबर वर्ल्ड न्यूज-भाटापारा। सिमगा तहसील के ग्राम पंचायत रानी जरौद स्थित शासकीय उचित मूल्य दुकान (दुकान क्रमांक 442010031) में बड़े पैमाने पर गबन का मामला सामने आया है। इस मामले में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) सिमगा, अंशुल वर्मा ने पूर्व सरपंच सेवक राम साहू, ग्राम पंचायत सचिव तेजराम वर्मा, और राशन विक्रेताओं राकेश कुमार साहू एवं जोहन लाल चतुर्वेदी को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
जांच में सामने आया खुलासा
मार्च 2025 में राशन वितरण के लिए जो खाद्यान्न सामग्री प्राप्त हुई थी, उसका न तो वितरण किया गया और न ही इसका कोई वैध विवरण प्रस्तुत किया गया।
दस्तावेजों के अनुसार:
-
मार्च माह में 19.53 क्विंटल चावल और 5.90 क्विंटल शक्कर का भंडारण दर्ज था।
-
भौतिक सत्यापन में ये सामग्री पूरी तरह अनुपलब्ध पाई गई।
-
इसके अलावा, जांच में कुल 192.30 क्विंटल चावल और 2.20 क्विंटल शक्कर के गबन की पुष्टि हुई है।
अधिकारियों की मिलीभगत का शक
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह गबन सचिव, सहायक सचिव और दोनों राशन विक्रेताओं की आपसी मिलीभगत से किया गया प्रतीत होता है। यह कृत्य सार्वजनिक वितरण प्रणाली (नियंत्रण) आदेश 2016 एवं आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 का स्पष्ट उल्लंघन है।
सख्त कार्रवाई की चेतावनी
अनुविभागीय अधिकारी ने सभी आरोपित व्यक्तियों को 10 मई 2025 तक संतोषजनक जवाब प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है। यदि तय समय सीमा तक जवाब नहीं दिया गया तो एकपक्षीय कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।

