#khbarworld24.com – भारत, ब्राजील और दक्षिण अफ्रीका डिजिटल अवसंरचना पर सहमत
भारत, ब्राजील और दक्षिण अफ्रीका वैश्विक असमानता अंतर को पाटने के लिए डिजिटल अवसंरचना, एआई और डाटा के इस्तेमाल पर सहमत हो गए हैं। जी-20 तिकड़ी (भारत, ब्राजील और अफ्रीका) के नेताओं ने शासन के लिए डिजिटल सार्वजनिक बुनियादी ढांचे, एआई और डाटा पर संयुक्त घोषणापत्र जारी किया। प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) के अनुसार, इसे सतत विकास लक्ष्यों को प्राप्त करने की दिशा में प्रौद्योगिकी को वैश्विक असमानता अंतर को पाटने की दिशा में अहम मानते हुए कई जी-20 देशों, आमंत्रित देशों और समर्थन प्राप्त है।
पीएम मोदी ने कहा कि भारत और ऑस्ट्रेलिया दोनों वैश्विक संस्थानों में सुधार की आवश्यकता पर एकमत हैं। उन्होंने कहा कि अल्बनीज ने अगले साल भारत में होने वाले क्वाड शिखर सम्मेलन के लिए उनका निमंत्रण स्वीकार कर लिया है। उन्होंने कहा, मुझे विश्वास है कि आने वाले समय में भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच साझेदारी नई ऊंचाइयों को छुएगी और वैश्विक भलाई की ताकत बनेगी। दोनों नेताओं ने कहा, ‘मेक इन इंडिया’ व ‘फ्यूचर मेड इन ऑस्ट्रेलिया’ में पूरक क्षमता है और ये नई नौकरियां पैदा करने, आर्थिक विकास को अनलॉक करने में मदद करने में सक्षम हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनके ऑस्ट्रेलियाई समकक्ष एंथनी अल्बनीज ने दोनों देशों के बीच आधिकारिक तौर पर हरित हाइड्रोजन, अक्षय ऊर्जा साझेदारी की शुरुआत की, जिसका उद्देश्य इस क्षेत्र में दोतरफा निवेश को बढ़ावा देना है।
दोनों नेताओं ने मंगलवार को जी 20 शिखर सम्मेलन से इतर द्वितीय भारत- ऑस्ट्रेलिया वार्षिक शिखर सम्मेलन में भाग लिया तथा उन्होंने रक्षा एवं सुरक्षा, व्यापार एवं निवेश, शिक्षा, कौशल, खेल, अंतरिक्ष, और लोगों के आपसी संबंधों जैसे विविध क्षेत्रों में व्यापक रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाने के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। दोनों नेताओं ने प्रथम भारत-ऑस्ट्रेलिया वार्षिक शिखर सम्मेलन के दौरान बनी सहमति के अनुसार नवीकरणीय ऊर्जा साझेदारी (आरईपी) की शुरुआत का स्वागत किया। वार्ता के बाद साझा बयान में दोनों देशों ने तेजी से आगे बढ़ने, साथ मिलकर काम करने तथा जलवायु कार्रवाई को आगे बढ़ाने की महत्वाकांक्षा जताई। अल्बनीज ने कहा, हमारी नवीकरणीय ऊर्जा साझेदारी आधिकारिक तौर पर शुरू हो गई है। पीएम मोदी ने कहा कि दोनों पक्ष रक्षा उद्योग, महत्वपूर्ण खनिज, नवीकरणीय ऊर्जा, जहाज निर्माण, अंतरिक्ष और खेल जैसे क्षेत्रों में सहयोग की नई संभावनाओं पर काम करेंगे। बयान में कहा गया कि दोनों प्रधानमंत्रियों ने द्विपक्षीय आर्थिक संबंधों की क्षमता को आगे बढ़ाने का स्वागत किया है।
खबर वर्ल्ड न्यूज-रायपुर। -बालकृष्ण साहू

