#khbarworld24.com – पूर्वी लद्दाख में वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) विवाद के अंतिम बचे देपसांग और डेमचौक के इलाकों से तनाव को खत्म करने के लिए हुए हालिया समझौते के बाद लाओस की राजधानी वियनतियाने में बुधवार को भारत के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और चीन के रक्षा मंत्री एडमिरल डोंग जून के बीच पहली द्विपक्षीय बैठक हुई। जिसमें दोनों ने एलएसी पर सेनाओं को आक्रामक मुद्रा से पीछे हटाने के बाद डिएसक्लेशन के जरिए दोनों पक्षों के बीच विश्वास और क्षमता बहाली पर जोर दिया। रक्षा मंत्रालय ने एक आधिकारिक बयान में बताया कि बैठक में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह
ने अपने चीनी समकक्ष एडमिरल जून से कहा कि भारत और चीन के मित्रवत संबंधों का अंतरराष्ट्रीय शांति और समृद्धि पर सकारात्मक प्रभाव पड़ता है। इसलिए हमें विवाद की जगह सहयोग पर ध्यान केंद्रित करने की आवश्यकता है। दोनों देश आपसी विश्वास और समझ को पर्नु स्थापित करने के लिए एक रोडमैप बनाने के लिए साथ मिलकर काम करने के लिए तैयार हैं।
आज होगी एडीएमएम प्लस की बैठक
रक्षा मंत्री गुरुवार को लाओस की अध्यक्षता में आयोजित किए जाने वाले जासियान के रक्षा मंत्रियो-प्लस के 11वें सम्मेलन में भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए वियनतियाने की तीन दिवसीय यात्रा पर हैं। इसी के तहत वह 20 नवंबर को लाओस पहुंचे। बैठक के दौरान वह क्षेत्रीय और वैश्विक सुरक्ष मामलों पर मंच के अन्य भागीदार देशों को संबोधित करेंगे। बीते सोमवार को बाजील की राजधानी रियो डी जेनेरियो में आयोजित किए गए जी-20 शिखर सम्मेलन से इतर दोनों देशों के विदेश मंत्रियों के बीच भी एक बैठक हुई थी। इसके करीब 48 घघंटे के बाद अब रक्षा मंत्रियों की यह मुलाकात वियनतियाने में हुई है। इन उच्चस्तरीय बैठकों के लिए भारत के पीएम मोदी और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने रूस के कजान शहर में आयोजित किए गए ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के दौरान हुई द्विपक्षीय बैठक में मंजूरी प्रदान की थी।
सीमा पर झड़प रोकने के लिए उठाएं कदम
रक्षा मंत्री सिंह ने कहा कि भारत और चीन दुनिया के दो बड़े देश हैं और इनका अंतरराष्ट्रीय शांति और समृद्धि में सकारात्मक योगदान है। वर्तमान और भविष्य में दोनों हमेशा पड़ोसी रहेंगे। इसलिए हमें विवाद के स्थान पर सहयोग पर ध्यान केंदित करने की आवश्यकता है। उन्होंने वर्ष 2020 में हुई दुर्भाग्यपूर्ण सीमाई झड़प की घटनाओं से सीख लेते हुए इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए कदम उठाने पर भी जोर दिया। भारत और चीन सीमा पर और अधिक मजबूती के साथ विश्वास बहाली का रक्षा मंत्री ने अपने संबोधन में उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि डिएसक्लेशन के जरिए दोनों पक्षों के बीच विश्वास बढ़ाया जाना चाहिए।
खबर वर्ल्ड न्यूज-रायपुर। -बालकृष्ण साहू

