खबर वर्ल्ड 24 नई दिल्ली ! कूटनीतिक विवाद जारी रहने के बीच कनाडा ने पहली बार भारत का नाम साइबर खतरा पैदा करने वाले दुश्मनों की लिस्ट में शामिल किया है. इसके जरिये उसने यह संकेत देने की कोशिश की है कि (भारत) सरकार द्वारा प्रायोजित तत्वों के माध्यम से ओटावा के खिलाफ जासूसी किए जाने की संभावना है. जबकि भारत ने इसे “हमला” करार दिया है.
कनाडा की राष्ट्रीय साइबर खतरा आकलन 2025-2026 (NCTA 2025-2026) रिपोर्ट में चीन, रूस, ईरान और उत्तर कोरिया के बाद भारत को पांचवें स्थान पर रखा गया है. रिपोर्ट में कहा गया है, “हमारा आकलन है कि साइबर खतरा पैदा करने वाले भारत सरकार द्वारा प्रायोजित तत्वों द्वारा जासूसी के मकसद से कनाडा सरकार के नेटवर्क के खिलाफ साइबर खतरा पैदा करने वाली गतिविधि संचालित किए जाने की संभावना है.”
NCTA 2025-2026 कनाडा में व्यक्तियों और संगठनों के समक्ष उत्पन्न हो सकने वाले साइबर खतरों पर प्रकाश डालता है. इसे 30 अक्टूबर को कैनेडियन सेंटर फॉर साइबर सिक्योरिटी (साइबर सेंटर) द्वारा जारी किया गया, जो साइबर सुरक्षा पर कनाडा का तकनीकी प्राधिकरण है और यह संचार सुरक्षा प्रतिष्ठान कनाडा (CSE) का हिस्सा है.
साल 2018, 2020 और 2023-24 की राष्ट्रीय साइबर खतरा आकलन रिपोर्ट में भारत का कोई उल्लेख नहीं था, जबकि 2025-26 के आकलन में भारत का उल्लेख – चीन, रूस, ईरान और उत्तर कोरिया के साथ – ‘बैरी देशों से साइबर खतरा’ खंड में किया गया है, जिसमें कनाडा के लिए साइबर खतरों पर चर्चा की गई है.
आकलन रिपोर्ट में कहा गया है, “भारत का नेतृत्व लगभग निश्चित रूप से घरेलू साइबर क्षमताओं के साथ एक आधुनिक साइबर प्रोग्राम तैयार करने की आकांक्षा रखता है. भारत इसका इस्तेमाल अपने राष्ट्रीय सुरक्षा हितों को आगे बढ़ाने के लिए करता है, जिसमें जासूसी करना, आतंकवाद का मुकाबला तथा भारत के वैश्विक दर्जे को बढ़ाने की कोशिश करना शामिल है.”
यह भी कहा गया है, “हमारा आकलन है कि भारत का साइबर प्रोग्राम अपने संचालन को बढ़ाने के लिए वाणिज्यिक साइबर सेवा प्रदाताओं का लाभ उठाता है. हमारा आकलन है कि भारत सरकार की ओर से प्रायोजित साइबर खतरा पैदा करने वाले तत्वों द्वारा जासूसी के उद्देश्य से कनाडा सरकार के नेटवर्कों के खिलाफ साइबर खतरा गतिविधि किए जाने की संभावना है.”
भारत का कहना है कि दोनों देशों के बीच मुख्य मुद्दा यह है कि कनाडा अपनी धरती से गतिविधियां कर रहे खालिस्तान समर्थक तत्वों को बिना किसी रोक-टोक के ऐसा करने दे रहा है.
भारत ने पिछले महीने ओटावा के आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए छह कनाडाई राजनयिकों को निष्कासित कर दिया था और अपने उच्चायुक्त संजय वर्मा और कुछ अन्य राजनयिकों को कनाडा से वापस बुला लिया था

