खबर वर्ल्ड न्यूज़ देश-विदेश ! 4 दिन पहले हुए नए पेट्रोलिंग समझौते के बाद भारत और चीन की सेनाएं पूर्वी लद्दाख सीमा से पीछे हटना शुरू हो गई हैं। न्यूज एजेंसी ANI के मुताबिक, पूर्वी लद्दाख के डेमचोक और देपसांग पॉइंट में सेनाओं ने अपने अस्थायी टेंट और शेड हटाना शुरू कर दिए हैं। सैनिक गाड़ियां और मिलिट्री उपकरण भी पीछे ले जा रहे हैं।
इस प्रॉसेस के पूरा होने के बाद डेमचोक और देपसांग में दोनों सेनाएं पेट्रोलिंग कर सकेंगी। यह पेट्रोलिंग 10 दिन बाद शुरू हो सकती है। इसकी 2 शर्तें हैं। पहली- दोनों देशों की सेनाएं इन इलाकों में अलग-अलग दिन पेट्रोलिंग करेंगी। एक-दूसरे पहले से इसकी सूचना देनी होगी।
2020 में भारत-चीन के बीच गलवान में टकराव के बाद डेमचोक और देपसांग में तनाव के हालात बने हुए थे।
भारत और चीन के बीच 21 अक्टूबर को नया पेट्रोलिंग समझौता हुआ था। विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कहा था कि गलवान जैसी झड़प ना हो और वहां पहले जैसे हालात बनाने के लिए समझौता किया गया है।
देपसांग: भारतीय सेना के मुताबिक सैनिक अब गश्त के लिए देपसांग में पेट्रोलिंग पॉइंट 10, 11, 11-A, 12 और 13 तक जा सकेंगे।
डेमचोक: पेट्रोलिंग पॉइंट-14 यानी गलवान घाटी, गोगरा-हॉट स्प्रिंग्स यानी PP-15 और PP-17 बफर जोन हैं। रिपोर्ट्स में सूत्रों के हवाले से कहा गया है कि यहां पर गश्त को लेकर बाद में विचार होगा।
1.प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ब्रिक्स यात्रा के पहले यह समझौता हुआ था। ब्रिक्स में मोदी और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बीच मुलाकात हुई थी। मोदी ने यहां कहा था कि शांति कायम रखना किसी भी स्थिति में जरूरी है।
2. पूर्वी लद्दाख में लाइन ऑफ एक्चुअल कंट्रोल (LAC) पर अप्रैल 2020 की स्थिति बहाल करने के लिए चीन और भारत राजी हुए। यानी अब चीन की आर्मी उन इलाकों से हटेगी, जहां उसने अतिक्रमण किया था।
3. भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता विक्रम मिस्री ने बताया था कि भारत-चीन के सीमावर्ती इलाकों में पेट्रोलिंग के साथ 2020 के बाद उठे मुद्दों को सुलझाने के लिए प्रस्ताव तैयार हुआ है। इस पर दोनों देश कदम उठाएंगे।

