खबर वर्ल्ड न्यूज़ देश-विदेश ! विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने एक बार फिर संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में सुधार की जरूरत पर बल देते हुए कहा कि स्थायी और अस्थायी दोनों परिषदों में नई विश्व व्यवस्था के अनुरूप बदलाव जरूरी है। इसके साथ ही बहुपक्षीय विकास बैंकों व अन्य बहुपक्षीय संगठनों में भी सुधार लाना होगा क्योंकि इनकी कार्यप्रणाली भी संयुक्त राष्ट्र की तरह पुरानी (आउटडेटेड) हो गई है।
ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के आउटरीच सत्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का प्रतिनिधित्व करते हुए जयशंकर ने दुनिया के विभिन्न हिस्सों में चल रहे संघर्षों पर कहा, इन संघर्षों और तनावों का प्रभावी ढंग से समाधान करना आज की विशेष जरूरत है। पीएम मोदी के पहले के एक कथन का उल्लेख करते हुए कहा कि यह युद्ध का युग नहीं है। विवादों, मतभेदों को बातचीत और कूटनीति के जरिये सुलझाया जाना चाहिए और एक बार समाधान पर सहमति बन जाए तो ईमानदारी से इसका पालन होना चाहिए।
विदेश मंत्री के ईमानदारी वाले इस बयान को चीन के लिए संदेश माना जा रहा है जो अतीत में बातचीत से निकले समाधान से मुकरता रहा है !
जयशंकर ने कहा कि ब्रिक्स फोरम को यह स्वीकार करना होगा कि वैश्वीकरण के फायदे बहुत असमान रहे हैं। कोविड महामारी और कई संघर्षों ने वैश्विक दक्षिण पर बोझ बढ़ा दिया है और स्वास्थ्य, खाद्य और ईंधन सुरक्षा की चिंताएं विशेष रूप से गंभीर हैं। साथ ही कहा कि हम इस विरोधाभास को कैसे सुलझा सकते हैं? और हम अधिक समतापूर्ण वैश्विक व्यवस्था कैसे बना सकते हैं? इस पर विचार करना चाहिए। उन्होंने अधिक न्यायसंगत वैश्विक व्यवस्था बनाने के लिए पांच सूत्री मंत्र दिया। उन्होंने कहा कि औपनिवेशिक युग से विरासत में मिली वैश्विक अवसंरचना में विकृतियों को ठीक कर, दुनिया को तत्काल अधिक कनेक्टिविटी विकल्पों की आवश्यकता है जो रसद को बढ़ाए और जोखिमों को कम करे। साथ ही यह सामान्य भलाई के लिए एक सामूहिक प्रयास होना चाहिए जिसमें क्षेत्रीय अखंडता और संप्रभुता का पूरा सम्मान किया जाना चाहिए।
दुनिया में उत्पादन व उपभोग का लगातार हो रहा विविधीकरण: जयशंकर ने कहा, दुनिया में उत्पादन और उपभोग का लगातार विविधीकरण हो रहा है। जिन राष्ट्रों ने उपनिवेशवाद से स्वतंत्रता प्राप्त की, उन्होंने अपने विकास और सामाजिक-आर्थिक प्रगति को गति दी है। नई क्षमताएं सामने आईं, जिससे अधिक प्रतिभाओं को सामने लाने में मदद मिली। ब्रिक्स अपने आप में नई विश्व व्यवस्था का सबूत है।

