खबर वर्ल्ड न्यूज-राकेश पांडेय-जगदलपुर। नगर निगम में वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिए बजट सत्र का आयोजन नहीं हो पाया है। निगम का बजट सत्र विधानसभा चुनाव और सभापति के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव की भेंट चढ़ गया था। ऐसे में बजट तैयार होने के बाद भी सामान्य सभा आयोजित नहीं हो पाई और शहर विकास का बजट अटका रह गया। अब जब चुनावी प्रक्रिया पूरी हो गई है, ऐसे में नगर निगम में बजट सत्र के आयोजन को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं और आने वाले 13 सितंबर को सदन में बजट पेश किया जाएगा।
यह बजट कई मायनों में बेहद खास है, जिसमें महापौर सफीरा साहू के इस कार्यकाल का अंतिम और भाजपा प्रवेश करने के बाद पहला बजट है। निगम सूत्रों ने बताया कि महापौर सफीरा साहू ने कई दिनों पहले ही अपने इस कार्यकाल का अंतिम बजट तैयार करवा लिया था और इसे एमआईसी से भी अनुमोदित करवा लिया था, लेकिन बजट के लिए तारीख ही तय नहीं हो पा रही थी। ऐसे में वे इसे सदन में नहीं ला पा रही थी। महापौर सफीरा साहू का पांच साल का कार्यकाल नवंबर महीने में पूरा होगा, इस महापौर के कायर्काल का अंतिम बजट सदन में पेश करेंगी।
महापौर के सफीरा साहू ने चार सालों तक बतौर कांग्रेस की महापौर के तौर पर बजट सदन में पेश किया था, लेकिन वर्तमान परिस्थितियां अलग हैं और अब महापौर सफीरा साहू भाजपा की महापौर हैं। ऐसे में महापौर को सदन में घेरने कांग्रेस कोई मौका नहीं छोड़ना चाहती है। इसके लिए आज कांग्रेस भवन में कांग्रेसी पार्षदों की एक बैठक भी हुई थी।
शहर जिलाध्यक्ष सुशील मौर्य की उपस्थिति में सामान्य सभा में व अन्य विषयों को लेकर पार्षदों के साथ चर्चा की गई।कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुशील मौर्य ने कहा कि सामान्य सभा में कांग्रेस के पार्षद जनता के मुद्दों और जनता को होने वाली परेशानी को पूरे दम से सदन में उठाएंगे। उन्होंने कहा कि नगर निगम में अधिकारियों का रवैया पूरी तरह से गैरकानूनी और अलोकतांत्रिक है। आयुक्त और महापौर निगम में बैठे हुए हैं जिनका काम विकास को अग्रसर करने के बजाए सिर्फ मनमानी, तानाशाही करना है। बैठक में उप नेता प्रतिपक्ष राजेश राय, पार्षद विक्रम सिंह डांगी, सुषमा कश्यप, सुशीला बघेल, अनिता नाग व अन्य पार्षद उपस्थित।

