नई दिल्ली। सुबह की शुरुआत कुछ हेल्दी खाकर या पीकर की जाए, तो इससे अच्छा क्या हो सकता है। आखिरकार अंग्रेजी की कहावत “Health is Wealth” पर अमल करना कितना जरूरी है, ये तो पिछले कुछ सालों में सभी की समझ में आ गया है।
ऐसे में सेहत का ख्याल रखने के लिए आप रोज सुबह खाली पेट किशमिश का पानी पी सकते हैं। किशमिश में कई जरूरी पोषक तत्व पाए जाते हैं, जिन्हें रातभर पानी में भिगोने से, उस पानी में भी इसके गुण आ जाते हैं। इस आर्टिकल में हम रोज सुबह खाली पेट किशमिश का पानी पीने के फायदों के बारे में जानेंगे।
बॉडी डिटॉक्स
बॉडी को डिटॉक्स करना बेहद जरूरी होता है। ऐसा न करने पर लिवर पर काफी जोर पड़ता है, जिसके कारण उससे जुड़ी परेशानियां शुरू हो सकती हैं। ऐसे में किशमिश का पानी बॉडी डिटॉक्स करने में काफी मददगार साबित होता है। इसमें एंटी-ऑक्सीडेंट्स और अन्य तत्व पाए जाते हैं, जो शरीर के टॉक्सिन्स को बाहर निकालते हैं और लिवर को हेल्दी रखने में मदद करते हैं।
आयरन की मात्रा बढ़ती है
शरीर में आयरन की कमी एनीमिया की वजह बनती है। इसमें शरीर में रेड ब्लड सेल्स कम होने लगते हैं। ये परेशानी ज्यादातर महिलाओं में देखने को मिलती है। इस परेशानी से बचने में भी किशमिश का पानी कारगर साबित हो सकता है। किशमिश में आयरन पाया जाता है, जिससे शरीर में आयरन की कमी नहीं होती और एनीमिया की समस्या से बचाव होता है।
हाइड्रेशन
किशमिश के पानी में एंटी-ऑक्सीडेंट्स, पोटिशियम और अन्य पोषक तत्व भी शामिल होते हैं। इसलिए सुबह खाली पेट किशमिश का पानी पीने से न केवल प्यास बुझती है, बल्कि रात को हुई डिहाइड्रेशन भी दूर होती है। इस वजह से आप एक्टिव और फ्रेश महसूस करते हैं।
हड्डियों की मजबूती
बढ़ती उम्र के कारण हड्डियां कमजोर होने लगती हैं। खासकर महिलाओं में 30 के बाद बोन डेंसिटी कम होने की समस्या शुरू हो जाती है। इस परेशानी से बचने में किशमिश का पानी पीना फायदेमंद हो सकता है। किशमिश में कैल्शियम और पोटेशियम पाया जाता है, जो हड्डियों की मजबूती के लिए काफी जरूरी है। इसलिए सुबह खाली पेट किशमिश का पानी पीना सेहत के लिए काफी फायदेमंद है।
स्किन के लिए फायदेमंद
किशमिश में विटामिन-ए, ई और एंटी-ऑक्सीडेंट्स पाए जाते हैं। ये सभी त्वचा के लिए काफी फायदेमंद होते हैं। इसलिए रोज सुबह खाली पेट किशमिश का पानी पीने से स्किन हेल्दी रहती है और इससे जुड़ी समस्याएं, जैसे- एक्ने, फाइन लाइन्स आदि भी कम होते हैं।
Disclaimer: लेख में उल्लिखित सलाह और सुझाव सिर्फ सामान्य सूचना के उद्देश्य के लिए हैं और इन्हें पेशेवर चिकित्सा सलाह के रूप में नहीं लिया जाना चाहिए। कोई भी सवाल या परेशानी हो तो हमेशा अपने डॉक्टर से सलाह लें।

