खबर वर्ल्ड न्यूज-राकेश पांडेय-जगदलपुर। बस्तर जिला कांग्रेस कमेटी शहर/ग्रामीण के संयुक्त नेतृत्व में प्रभारी पूर्व मंत्री मोहन मरकाम की उपस्थिति में आज शनिवार काे बलौदाबाजार मामले काे लेकर कांग्रेस के पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं ने भिलाई विधायक देवेंद्र यादव की प्रदेश की भाजपा सरकार द्वारा द्वेषपूर्ण गिरफ्तारी को लेकर सिरहासार चौंक में प्रदेश सरकार के खिलाफ़ एक दिवसीय धरना प्रदर्शन कर महामहिम राज्यपाल के नाम एसडीएम को ज्ञापन सौंपा गया।
इस दाैरान पूर्व मंत्री व प्रभारी मोहन मरकाम ने कहा कि बलौदाबाजार प्रकरण की पूरी घटना के लिये प्रदेश की भाजपा सरकार दोषी है। लचर कानून व्यवस्था और प्रशासन की निरंकुशता व लापरवाही से बलौदाबाजार में सतनामी समाज के आंदोलन में असामाजिक तत्वों की घुसपैठ हुई और इतनी बड़ी घटना को अंजाम दिया गया। इस पूरे आंदोलन में भाजपा के जिलाध्यक्ष सनम जांगड़े सहित अन्य भाजपा नेताओं की भूमिका भी संदिग्ध है। प्रदेश सरकार उन्हें बचाने का प्रयास कर रही है। प्रदेश की साय सरकार अपनी नाकामी और पूरे देश में हुई बदनामी को छुपा रही है। विपक्ष के नेताओं को परेशान किया जा रहा है। कांग्रेस के विधायक देवेन्द्र यादव की गिरफ्तारी भाजपा की बौखलाहट को दर्शाता है। यह विपक्ष को बदनाम करने सांय सरकार की सुनियोजित साजिश है।
शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुशील मौर्य ने कहा कि विधायक देवेन्द्र यादव बलौदाबाजार में न भाषण दिया और न ही कलेक्टर ऑफिस प्रदर्शन में शामिल हुए। वे भीड़ में पांच मिनिट रुक कर वापस आ गये थे। कहीं भी किसी हिंसक घटना में उनके संलिप्तता का कोई भी साक्ष्य नहीं है, और न ही वे किसी भी प्रकार की घटना में शामिल थे। पुलिस ने उनको गलत तरीके से गिरफ्तार किया है। सरकार, पुलिस बताये किन भाजपा नेताओं को नोटिस दिया, पूछताछ की गयी। न्याय संगत कार्यवाही होनी चाहिये। भाजपा सरकार का चरित्र और व्यवहार 8 माह में ही अलोकतांत्रिक हो गया है।
पूर्व महापौर जगदलपुर जतिन जायसवाल ने कहा कि प्रदेश की साय सरकार ने विपक्ष के विधायक को झूठे मुकदमे में फंसा कर गिरफ्तार किया गया। भाजपा की सरकार में पत्रकार तक सुरक्षित नहीं है। पत्रकारों को गलत तरीके से फंसाने उनकी गाड़ी में गांजा रखा जाता है। बलौदाबाजार के मामले में सतनामी समाज और कांग्रेस के लोगों को चिन्हांकित करके उनको जेलों में डाला गया। कांग्रेस भाजपा सरकार के इस आताताई चरित्र से डरने वाली नहीं। इस प्रकार के कृत्यों से हमारा कार्यकर्ता और मजबूती से सरकार के खिलाफ जनता की आवाज उठायेगा। बलौदाबाजार में हुई आगजनी की भयावह घटना शासन प्रशासन की बड़ी लापरवाही व सरकार की इंटेलीजेंट के फैल हो जाने के कारण हुई। समय रहते सरकार व प्रशासन सचेत हो जाता व समाज के द्वारा सीबीआई जांच की मांग को पूर्व में ही मान लेता तो प्रदेश को शर्मसार करने वाली घटना से बचा जा सकता था। इस पूरी घटना के लिये प्रदेश की भाजपा सरकार दोषी है।
इस दौरान वरिष्ठ कांग्रेसी सतपाल शर्मा, महिला कांग्रेस अध्यक्ष लता निषाद, जनपद अध्यक्ष अनिता पोयाम, राष्ट्रीय प्रवक्ता जावेद खान ने भी सभा को सम्बोधित किया। कार्यक्रम का संचालन पार्षद सूर्यापानी के द्वारा किया गया। इस अवसर पर पूर्व मंत्री/कार्यक्रम प्रभारी मोहन मरकाम,जिलाध्यक्ष सुशील मौर्य,निगम अध्यक्ष कविता साहू,नेता प्रतिपक्ष उदयनाथ जेम्स,जतिन जायसवाल,वरिष्ठ कॉंग्रेसी हनुमान द्विवेदी, अंगद प्रसाद त्रिपाठी, रामाशंकर राव,अनवर खान,अतिरिक्त शुक्ला,समस्त पार्षदगण,ब्लॉक अध्यक्षगण,युवा कांग्रेस,एनएसयूआई, महिला कॉंग्रेस,सेवादल के अध्यक्ष व कार्यकर्ताओं सहित विभिन्न मोर्चा प्रकोष्ठ के अध्यक्ष,पदाधिकारी व कार्यकर्तागण आदि मौजूद रहे।

