खबर वर्ल्ड न्यूज-रायपुर। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कांग्रेस में बढ़ रही अंतर्कलह पर बड़ा बयान दिया है। साथ ही उन्होंने कांग्रेस के नारी न्याय का फार्म भरवाए जाने पर निशाना साधा है। विजय शर्मा ने कहा कि कांग्रेस में पीसीसी चीफ दीपक बैज को प्रताड़ित करने की कोशिश हो रही है। एक वर्ग उन्हें लगातार टारगेट करने का प्रयास कर रहा है। चुनाव के समय भी लेनदेन का मामला सामने आया था। यह कांग्रेस का अंदरूनी मामला है पर ऐसा प्रतीत होता है कि जानबूझकर दीपक बैज को टारगेट किया जा रहा है।
छत्तीसगढ़ में कांग्रेस के आज से नारी न्याय का फार्म भरवाए जाने पर डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने कहा कि कांग्रेस के पास इस समय विश्वसनीयता का संकट है। उन्होंने पहले जो भी वादा किया उसे पूरा नहीं किया। अब राहुल गांधी कुछ भी कहें लोग मानने वाले नहीं हैं। लोगों को पता है देश में मोदीजी की सरकार बन रही है। इन्होंने वादा निभाया नहीं इसलिए जनता ने उन्हें नकार दिया।

