खबर वर्ल्ड न्यूज-बिलासपुर। एसपी रजनेश सिंह ने सोमवार को तीन निरीक्षकों का तबादला आदेश जारी किया है। इसमें पुलिस लाइन में पदस्थ निरीक्षक हरीश टांडेकर को तखतपुर थाने की कमान सौंपी गई है। तखतपुर थाना संभाल रहे निरीक्षक दामोदर मिश्रा को चकरभाठा थाना प्रभारी बनाया गया है। चकरभाठा थाना प्रभारी की कमान संभाल रहे निरीक्षक अभय सिंह बैस को एसीसीयू (क्राइम ब्रांच) की जिम्मेदारी सौंपी गई है। अब तक एसीसीयू की जिम्मेदारी एसआइ कृष्णा साहू संभाल रहे थे। इधर राज्य शासन की ओर से भी एक तबादला सूची जारी की गई है। इसमें कोतवाली थाना प्रभारी कमला पुसाम को रायगढ़ भेजा गया है।
बिल्हा थाना प्रभारी किशोर केंवट का तबादला नारायणपुर किया गया है। संभावना जताई जा रही कि एसपी रजनेश सिंह के द्वारा थाना प्रभारियों को लेकर एक और लिस्ट जारी की जा सकती है, दूसरी और आरक्षक, प्रधान आरक्षक, एएसआइ, एसआइ का भी तबादला आदेश जारी किया जा सकता है। ब्रांच में बरसों से जमें हुए कुछ रसूखदार स्टाफ- जिले में जब से क्राइम ब्रांच का गठन होना शुरू हुआ, तब से ब्रांच में पुलिस अधिकारी अपने हिसाब से टीम का गठन करते आए हैं।
विभाग के कुछ स्टाफ ऐसे हैं, कि वे हर एसपी के कार्यकाल में या तो क्राइम ब्रांच में रहते हैं अथवा जिले के मलाईदार थाना कहे जाने वाले सरकंडा, सिविल लाइन में जम जाते हैं। इसके अलावा इनकी पोस्टिंग कभी भी ग्रामीण अंचल व आसपास के थाने में नहीं होती है। ये दावा भी करते हैं कि हर अधिकारी से वे अपनी ऊंची पहुंच-पकड़ के चलते अपना सिक्का जमा लेते हैं। अब देखना है कि ये कब तक ऐसे ही रसूखदारी के साथ ब्रांच व थाने में जमे रहते हैं।

