खबर वर्ल्ड न्यूज-रायपुर। छत्तीसगढ़ युवा कांग्रेस ने सोमवार को सीएम हाउस का घेराव करने की घोषणा की है। रोजगार की मांग समेत युवाओं से किए गए वादों को पूरा करने के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को ज्ञापन सौंपा जाएगा।
आंदोलन में युकां के राष्ट्रीय अध्यक्ष भी शामिल होंगे। पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए सप्रे शाला मैदान से लेकर सीएम हाउस के चारों ओर सुरक्षा का तगड़ा घेरा खड़ा किया है।
सीएम हाउस जाने वाले हर रास्ते में बांस-बल्ली लगाई गई है। यहां तक कि मुख्यमंत्री निवास से करीब एक किलोमीटर दूर नेताजी सुभाष स्टेडियम के पीछे वाली सड़क तक को खोदकर बैरिकेड लगाया जा रहा है। सुबह 11.30 बजे से सीएम हाउस जाने वाली सभी सड़कों को बंद कर दिया। हालांकि पुलिस अफसरों ने इस बात से इंकार किया है। एएसपी लखन पटले का कहना है कि सुरक्षा के लिए हर रास्ते पर बेरीकेड और टीन का शेड लगाया जा रहा है। लेकिन रास्ता बंद नहीं किया जाएगा।
रास्ता खुला रहेगा, लोगों को आने-जाने से रोका नहीं जाएगा। प्रदर्शनकारी सीएम हाउस की ओर बढ़ेंगे तब उसे बंद किया जाएगा। ऐसा न होने की दशा में सभी रास्ते खुले रहेंगे।
युकां का आरोप है कि भाजपा ने हर साल 2 करोड़ को रोजगार देने का वादा किया है, लेकिन आज तक युवाओं को रोजगार नहीं मिला। बल्कि उनका रोजगार छिन गया है। महंगाई लगातार बढ़ती जा रही है। एक तरफ 500 रुपए सिलेंडर देने की बात कही जा रही थी, लेकिन सिलेंडर के दाम में सिर्फ 100 कम किए गए हैं। भाजपा ने जो वादा किया है। उसे पूरा नहीं कर रही है।

