मुंगेली में रेल लाइन के लिए भाजपा सरकार ने दी राशि,शीघ्र शुरू होगा कार्य- मोहले
खबर वर्ल्ड न्यूज-संतोष पाठक मुंगेली। छत्तीसगढ़ शासन द्वारा विकसित भारत विकसित छत्तीसगढ़ कार्यक्रम के तहत आज शनिवार को विधानसभा स्तरीय लाभार्थी सम्मेलन का आयोजन कृषि उपज मंडी प्रांगण मुंगेली में किया गया। लाइव प्रसारण के माध्यम से माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने लाभार्थियों को संबोधित करते हुए मार्गदर्शन दिया। केंद्र सरकार एवं छत्तीसगढ़ सरकार के जन कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देकर लोगों तक लाभ पहुँचाया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ सर्वप्रथम अतिथियों द्वारा भारत माता और छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र में माल्यापर्ण व पूजा अर्चना कर किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि विधायक पुन्नूलाल मोहले ने कहा कि डबल इंजन सरकार और मोदी की गारंटी के तहत विभिन्न घोषणाएं पूरे किए गए हैं जिनमें मुंगेली के बहुप्रतीक्षित मांग को पूरा करते हुए मुंगेली में रेल लाइन के लिए बजट में 300 करोड़ रुपए के क़िस्त की घोषणा की गई है। मुंगेली में मेडिकल कॉलेज के लिए विधानसभा में संकल्प पर चर्चा हुई है। अयोध्या में भगवान श्री रामलला की मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा एवं भव्य मंदिर निर्माण पूरा किया गया है।
छत्तीसगढ़ में पिछले डॉ रमन सिंह सरकार के समय की बकाया दो साल की बोनस राशि,महतारी वंदन योजना,धान खरीदी, अंतर की राशि तथा केंद्र व राज्य सरकार की विभिन्न योजना प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान कार्ड, महतारी वंदन योजना, महिला एवं बाल विकास, विद्युत विभाग के उजाला योजना, राशन कार्ड व खाद्यान्न वितरण की जानकारी , नल-जल योजना, स्वच्छ भारत मिशन, उज्ज्वला गैस योजना, विश्वकर्मा अनुदान योजना, एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी कर्मचारियों ने स्टॉल के माध्यम से लोगों को जानकारी दी। उज्जवला योजना के तहत गैस सिलेंडर व चूल्हा का वितरण किया। इस अवसर पर लाभार्थियों एवं आम नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहकर शासन की योजनाओं की जानकारी व लाभ लिया।
श्री मोहले ने अधिकारियों को आग्रह किया कि आम जनता को उनका अधिकार मिले और केंद्र व राज्य सरकार के योजनाओ का सही रूप से क्रियान्वयन हो सके उन्होंने डबल इंजन की सरकार के कार्यो को लेकर लोगों से सीधा संवाद किया। इस अवसर पर पूर्व सांसद लखनलाल साहू एवं जिला भाजपा अध्यक्ष शैलेश पाठक ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन रामपाल सिंह ने किया।इस अवसर पर बड़ी संख्या में उपस्थित लाभार्थियों के साथ ही मुंगेली विधानसभा क्षेत्र के चारो मण्डल मुंगेली नगर,मुंगेली ग्रामीण, सेतगंगा व जरहागांव मण्डल के भाजपा नेता व कार्यकर्ता गण व जनप्रतिनिधि गण उपस्थित रहे।

