खबर वर्ल्ड न्यूज-राकेश पांडेय-कोंडागांव। जिले के फरसगांव थाना क्षेत्र के अंतर्गत छोटे ठेमली नाला के पास दो दिन पहले मिले महिला के शव का पति घडवा राम नेताम ही हत्यारा निकला। आरोपित पति घडवा राम नेताम और पत्नी दसों बाई नेताम 13 फरवरी को मेला देखने गये थे, मेले में पत्नी ने अत्यधिक शराब पी ली। जिसके बाद गुस्से में आरोपित पति ने सिर पर मारा और वहीं छोडक़र चला गया जिससे उसकी मृत्यु हो गई। आरोपी पति ने अपराराध करना स्वीकार कर लिया है, पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर कार्यवाही उपरांत आज शनिवार को न्यायिक रिमांड पर जेल दाखिल कर दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार हत्या का आरोपित पति घड़वा राम नेताम और पत्नी दसों बाई नेताम 13 फरवरी को मेला देखने ग्राम बड़े ठेमली गए थे, लेकिन देर रात तक दसोबाई नेताम घर वापस नहीं आई। दूसरे दिन सुबह पता चला महिला मृत अवस्था में नाला के पास पड़ी है। सूचना पर फरसगांव पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच में लिया। जांच के दौरान पाया गया कि मृतका की मृत्यु किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा हत्या करने से हुई है, जिस पर धारा 302 के तहत विवेचना में लिया गया। पुलिस के मुताबिक पति पत्नी दोनों मेला देखने गए थे। मेले में पत्नी ने अत्यधिक शराब पी ली। अत्यधिक नशे की वजह से बार-बार बोलने के बाद भी चलने में अक्षम हो रही थी। मेला स्थल से कुछ दूर जैसे ही पहुंचे महिला खेत में गिर पड़ी, उठने का नाम ही नहीं ले रही थी जिसके बाद गुस्से में आरोपित पति ने सिर पर वार कर दिया और घायल अवस्था में उसे पुल किनारे खींचते हुए ले गया और वहीं छोडक़र घर चला गया, जिसके बाद उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

