खबर वर्ल्ड न्यूज-राकेश पांडेय-बीजापुर। जिले के गंगालूर थाने के तहत ग्राम मुंदवेड़ी में नक्सली मुठभेड़ के दौरान क्रॉस फायरिंग में 06 माह की बच्ची की हुई मौत को लेकर कांग्रेस ने इसकी जांच के लिए पांच सदस्यीय कमेटी गठित कर दी है। बीजापुर के विधायक विक्रम मंडावी की अगुवाई में जांच समिति बनाई गई है।
पीसीसी अध्यक्ष दीपक बैज ने समिति को तत्काल संबंधित ग्राम मुंदवेड़ी का दौरा कर वस्तुस्थिति से अवगत होने के निर्देश दिए हैं। विधायक विक्रम मंडावी की अगुवाई में गठित जांच समिति में पीसीसी महामंत्री नीना रावतिया, जिला पंचायत अध्यक्ष शंकर कुडिय़ाम और जिला पंचायत सदस्य बसंत ताती के अलावा जनपद पंचायत उपाध्यक्ष मिच्चा मुतैया को सदस्य बनाया गया है। जांच समिति को तत्काल प्रभावित गांव का दौरा कर पीडि़त परिवार समेत स्थानीय ग्रामीणों से चर्चा कर घटना की वस्तुस्थिति से अवगत होने के निर्देश दिए गए हैं। जांच के बाद जल्द से जल्द रिपोर्ट पीसीसी को भेजने कहा गया है।

