खबर वर्ल्ड न्यूज़ – प्रिया पाठक, रायपुर। महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों को सुनिश्चित करने की दिशा में राष्ट्रीय महिला आयोग एवं छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग के संयुक्त तत्वावधान में 23 नवंबर 2026 को एक दिवसीय प्रशिक्षण सह कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के ऑडिटोरियम हॉल में आयोजित होगा।
कार्यशाला का शुभारंभ छत्तीसगढ़ के महामहिम राज्यपाल द्वारा किया जाएगा। वहीं समापन सत्र में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी। दोनों अतिथियों की सहमति प्राप्त होने से कार्यक्रम का महत्व और बढ़ गया है।

कार्यशाला में मानव तस्करी की रोकथाम एवं महिलाओं का घरेलू हिंसा से संरक्षण अधिनियम, 2005 विषय पर विस्तृत प्रशिक्षण एवं चर्चा की जाएगी। इसका मुख्य उद्देश्य मानव तस्करी जैसी गंभीर सामाजिक बुराई पर प्रभावी अंकुश लगाने, घरेलू हिंसा से पीड़ित महिलाओं को कानूनी संरक्षण उपलब्ध कराने तथा संबंधित कानूनों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
इसके साथ ही महिलाओं के अधिकारों की रक्षा, कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन और पीड़ित महिलाओं को समय पर न्याय एवं सहायता उपलब्ध कराने के उपायों पर भी जोर दिया जाएगा।
छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. ममता साहू ने बताया कि इस कार्यशाला के माध्यम से महिलाओं की सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर जागरूकता बढ़ाने और कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन की दिशा में सार्थक पहल की जाएगी।


