खबर वर्ल्ड न्यूज-रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में सोशल मीडिया पर लाइक्स और व्यूज पाने के चक्कर में सड़क पर खतरनाक बाइक स्टंटबाजी करना पांच युवकों को भारी पड़ गया। दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर सार्वजनिक सड़क पर जानलेवा स्टंट और अशोभनीय हरकतें करने वाले पांच युवकों के खिलाफ चक्रधरनगर पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। पुलिस ने वीडियो के आधार पर सभी युवकों की पहचान कर उन्हें अभिभावकों के साथ थाने बुलाया। इसके बाद प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए एसडीएम न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल वारंट जारी होने पर पांचों को जेल भेज दिया गया। रायगढ़ पुलिस के अनुसार, घटना 9 नवंबर की रात की है। दो अलग-अलग मोटरसाइकिलों पर सवार पांच युवक शहीद हेमू कलाणी चौक से चक्रधरनगर चौक की ओर जा रहे थे। इस दौरान युवक चलती मोटरसाइकिलों पर खतरनाक तरीके से स्टंटबाजी कर रहे थे। इसके साथ ही सार्वजनिक स्थान पर आपत्तिजनक और अशोभनीय हरकतें करते हुए वीडियो भी बना रहे थे।
युवकों की स्टंटबाजी और अशोभनीय हरकतों को एक अन्य व्यक्ति ने अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया। इसके बाद घटना की जानकारी चक्रधरनगर थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश मिश्रा को दी गई। थाना प्रभारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए इसकी जानकारी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह को दी। एसएसपी ने तत्काल युवकों की पहचान कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके बाद चक्रधरनगर पुलिस ने वीडियो के आधार पर संबंधित युवकों की पहचान शुरू की और पांचों को चिह्नित कर लिया।
थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सभी पांच युवकों को उनके अभिभावकों के साथ थाने बुलाया। पुलिस अधिकारियों ने युवकों को समझाइश देते हुए बताया कि सार्वजनिक सड़कों पर इस तरह की स्टंटबाजी न केवल उनके स्वयं के जीवन के लिए खतरनाक है, बल्कि सड़क पर चलने वाले राहगीरों और अन्य वाहन चालकों की जान भी जोखिम में डालती है। पुलिस ने युवकों को भविष्य में इस प्रकार की गतिविधियों से दूर रहने की समझाइश दी। हालांकि, घटना की गंभीरता को देखते हुए उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की गई।
चक्रधरनगर पुलिस ने पांचों युवकों के विरुद्ध भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 170 तथा 126 और 135(3) के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की। इसके बाद सभी को एसडीएम न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय से जेल वारंट जारी होने के बाद पुलिस ने पांचों युवकों को जेल दाखिल कराया। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थानों पर खतरनाक गतिविधियों को गंभीरता से लिया जाएगा।
पुलिस कार्रवाई में शामिल युवकों की पहचान विद्याधर देवांगन (21 वर्ष), निवासी संजय नगर सिंधी कॉलोनी पक्की खोली, ऋतिक बरेठ (21 वर्ष), निवासी संजय नगर बैंक कॉलोनी, आशीष चौहान (21 वर्ष), निवासी संजय नगर बैंक कॉलोनी, आकाश शर्मा (21 वर्ष), निवासी पहाड़ मंदिर रोड कौहाकुंडा और मनीष शर्मा (21 वर्ष), निवासी संजय नगर बैंक कॉलोनी के रूप में हुई है। सभी चक्रधरनगर थाना क्षेत्र के निवासी हैं। सोशल मीडिया पर पुलिस की पैनी नजर रायगढ़ पुलिस की सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर इस प्रकार की गतिविधियों की लगातार निगरानी कर रही है। पुलिस ने अभिभावकों से भी अपील की है कि वे अपने बच्चों की गतिविधियों और वाहन चलाने के तौर-तरीकों पर ध्यान दें।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा, “सड़कें स्टंटबाजी और हुड़दंग के लिए नहीं, सुरक्षित आवागमन के लिए हैं। सोशल मीडिया पर कुछ लाइक्स और व्यूज पाने के लिए अपनी और दूसरों की जिंदगी दांव पर न लगाएं।” उन्होंने स्पष्ट किया कि रायगढ़ पुलिस की सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल ऐसे कृत्यों पर लगातार नजर रख रही है। सार्वजनिक स्थानों पर खतरनाक स्टंटबाजी, अशोभनीय हरकतें और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
Trending
- रायगढ़ में सोशल मीडिया के लिए खतरनाक बाइक स्टंटबाजी: 5 युवक गिरफ्तार, एसडीएम कोर्ट से जेल वारंट जारी
- ’ग्राम पंचायत स्तर पर डिजिटल पहल, विवाह पंजीयन प्रमाण-पत्र की प्रक्रिया हुई आसान’
- टोकन शुरू होने के पहले दिन ही जशपुर में 462 किसानों ने तुंहर टोकन ऐप से लिया टोकन
- घर तक पानी पहुंचा तो बदली जिंदगी, अब परिवार के लिए ज्यादा वक्त
- दुर्ग में खूनी संघर्ष: पुरानी रंजिश में धारदार हथियारों से लैस हमलावरों ने की युवक की हत्या, 2 नाबालिगों समेत 10 गिरफ्तार
- जनजातीय गौरव दिवस पर छत्तीसगढ़ में दिखेगी आदिवासी अस्मिता, संस्कृति और स्वाधीनता संग्राम के शौर्य की अनुपम झलक
- मातर तिहार हमारी संस्कृति, परंपरा और गौसेवा के प्रति समर्पण का प्रतीक– मंत्री गजेन्द्र यादव
- वाणिज्यिक कर विभाग में वरिष्ठ उप पंजीयक से लेकर लिपिक तक के तबादले, देखिए पूरी सूची…


