गाली-गलौज और मारपीट के साथ जान से मारने की धमकी देने का आरोप, थाना पंडरिया में शिकायत
खबर वर्ल्ड न्यूज़ – पंडरिया। क्षेत्र की जनसमस्याओं और कथित अनियमितताओं को समाचारों के माध्यम से सामने लाने वाले पत्रकार नरेंद्र तिवारी के साथ गाली-गलौज, अभद्र व्यवहार एवं जान से मारने की धमकी दिए जाने का मामला सामने आया है। घटना को लेकर पत्रकार ने थाना पंडरिया में लिखित शिकायत देकर संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध कार्रवाई तथा स्वयं और अपने परिवार की सुरक्षा की मांग की है।
शिकायत के अनुसार, 10 सितंबर 2026 की रात्रि नरेंद्र तिवारी महामाया मंदिर दर्शन के लिए पहुंचे थे। वहां सुमित तिवारी, बाबा तिवारी सहित कुछ लोग राजनीतिक विषयों पर चर्चा कर रहे थे। इसी दौरान मोनू तिवारी तथा बंटी ठाकुर भी वहां पहुंचे। बातचीत के दौरान क्षेत्र में तालाब पाटे जाने तथा इस संबंध में प्रकाशित समाचारों को लेकर चर्चा शुरू हुई।
शिकायतकर्ता के मुताबिक, चर्चा के दौरान जब तालाब पाटे जाने का मुद्दा उठा तो उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि वे किसी भी तालाब को पाटे जाने का विरोध करेंगे। यदि उन्हें पहले से जानकारी होती कि उक्त तालाब को सुमित तिवारी द्वारा पटवाया जा रहा है तो समाचार में उनका नाम भी प्रकाशित किया जाता।
आरोप है कि इसी बात को लेकर बंटी ठाकुर आक्रोशित हो गए और पंडरिया के पत्रकारों को लेकर अपशब्द कहने लगे। इसके बाद नरेंद्र तिवारी के साथ कथित रूप से मां-बहन की गालियां देते हुए अभद्र व्यवहार किया गया तथा मारपीट पर उतारू होकर धमकी दी गई।
शिकायत में नरेंद्र तिवारी ने आरोप लगाया है कि उन्हें धमकाते हुए कहा गया कि भविष्य में उनके द्वारा किए जा रहे किसी भी गलत कार्य के संबंध में समाचार प्रकाशित किया तो उन्हें जान से मार दिया जाएगा और जहां मिलेंगे, वहीं मारेंगे।
घटना के दौरान मोनू तिवारी द्वारा बीच-बचाव किए जाने की बात भी शिकायत में कही गई है। नरेंद्र तिवारी के अनुसार मोनू तिवारी ने बंटी ठाकुर को समझाते हुए इस तरह गाली-गलौज और मारपीट नहीं करने की बात कही।
दो माह पहले भी अभद्र व्यवहार का आरोप
शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया है कि करीब दो माह पूर्व भी महामाया मंदिर के पास उनके साथ बंटी ठाकुर द्वारा कथित रूप से गलत व्यवहार किया गया था। उस समय भी मोनू तिवारी के वहां मौजूद होने की बात आवेदन में कही गई है।
नरेंद्र तिवारी ने शिकायत में यह भी उल्लेख किया है कि बंटी ठाकुर द्वारा अक्सर शराब के नशे में इस प्रकार का व्यवहार किए जाने की बात सामने आती है।
पत्रकार ने मांगी सुरक्षा
घटना के बाद पत्रकार नरेंद्र तिवारी ने स्वयं और अपने परिवार की सुरक्षा को लेकर गंभीर आशंका व्यक्त की है। उनका कहना है कि समाचारों के माध्यम से क्षेत्र की वास्तविक स्थिति और जनसमस्याओं को सामने लाने के कारण उनके ऊपर कभी भी जानलेवा हमला हो सकता है।
उन्होंने थाना प्रभारी से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध उचित कानूनी कार्रवाई करने तथा उन्हें एवं उनके परिवार को आवश्यक पुलिस सुरक्षा प्रदान करने की मांग की है।
पत्रकार ने कहा कि वह किसी भी दबाव या भय के बिना पत्रकारिता का कार्य करना चाहते हैं। उन्होंने पुलिस से भविष्य में किसी अप्रिय घटना की स्थिति में शिकायत में नामित व्यक्ति की भूमिका की जांच किए जाने की भी मांग की है।
हालांकि, शिकायत में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है। पुलिस जांच के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।


