खबर वर्ल्ड न्यूज़ – प्रिया पाठक, रायपुर। राजधानी रायपुर के गुढ़ियारी पड़ाव स्थित एक मंदिर में शिवलिंग, साईं बाबा और हनुमान जी की प्रतिमाओं पर टूटने के निशान मिलने से इलाके में आक्रोश का माहौल है। घटना की जानकारी सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी गई।
मामले को लेकर बजरंग दल के कार्यकर्ता गुढ़ियारी थाने पहुंचे और प्रतिमाओं को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की। कार्यकर्ताओं का कहना है कि गुढ़ियारी पड़ाव जैसे व्यस्त इलाके में मंदिर की प्रतिमाओं के क्षतिग्रस्त होने की घटना गंभीर है।
वहीं, गुढ़ियारी पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि प्रतिमाएं किन परिस्थितियों में क्षतिग्रस्त हुईं और इसके पीछे क्या कारण रहा। फिलहाल किसी व्यक्ति द्वारा प्रतिमाओं को जानबूझकर खंडित किए जाने की पुष्टि नहीं हुई है।
पुलिस जांच के बाद ही घटना की वास्तविक वजह और जिम्मेदार लोगों के संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।


