खबर वर्ल्ड न्यूज़ – संतोष पाठक, मुंगेली /चिल्फी। जिले में अवैध शराब और नशीले पदार्थों के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन बाज” के तहत चिल्फी पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने ग्राम बोड़तरा कला में अवैध रूप से शराब बिक्री करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 291 पाव देशी प्लेन शराब, जिसकी कुल मात्रा 52.38 बल्क लीटर है, बरामद की है। जब्त शराब की अनुमानित कीमत 23,280 रुपये बताई गई है। इसके अलावा शराब बिक्री की रकम 300 रुपये भी बरामद की गई।
पुलिस के अनुसार, 21 अगस्त 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम बोड़तरा कला निवासी सुखनंदन जायसवाल अपनी पूजा जनरल किराना दुकान की परछी में बड़ी मात्रा में देशी शराब रखकर अवैध बिक्री के लिए ग्राहकों की तलाश कर रहा है। सूचना पर साइबर सेल और थाना चिल्फी पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध को हिरासत में लेकर तलाशी ली।
तलाशी के दौरान दुकान की परछी में रखी तीन बोरियों से शराब बरामद हुई। इनमें दो बोरियों में 100-100 नग और तीसरी बोरी में 91 नग देशी प्लेन शराब मिली। पुलिस ने कुल 291 पाव (प्रत्येक 180 एमएल) शराब जब्त की।
आरोपी सुखनंदन जायसवाल, पिता स्व. सेवाराम, उम्र 46 वर्ष, निवासी बोड़तरा कला, थाना चिल्फी, जिला मुंगेली के खिलाफ थाना चिल्फी में आबकारी एक्ट की धारा 34(2) और 59(क) के तहत अपराध क्रमांक 115/26 दर्ज किया गया। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
ऑपरेशन बाज के तहत अब तक 302 प्रकरण
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल (भा.पु.से.) के निर्देशन में मुंगेली जिले में चलाए जा रहे “ऑपरेशन बाज” के तहत अवैध शराब के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के मुताबिक 1 जनवरी 2026 से 20 अगस्त 2026 तक कुल 302 प्रकरणों में 308 आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है।
इस दौरान पुलिस ने कुल 685.09 बल्क लीटर अवैध शराब, जिसकी अनुमानित कीमत 2 लाख 68 हजार 922 रुपये है, जब्त की है। कार्रवाई में 27 मोटरसाइकिल और एक चारपहिया वाहन भी जब्त किया गया है।
आंकड़ों के अनुसार, अंग्रेजी शराब के एक प्रकरण में एक आरोपी से 15.60 लीटर शराब और एक मोटरसाइकिल जब्त की गई। देशी शराब के 276 प्रकरणों में 279 आरोपियों से 480.68 लीटर शराब, 26 मोटरसाइकिल और एक चारपहिया वाहन जब्त किया गया। वहीं महुआ शराब के 25 प्रकरणों में 28 आरोपियों से 188.81 लीटर कच्ची शराब बरामद की गई।
इस कार्रवाई में थाना चिल्फी प्रभारी निरीक्षक रघुवीर लाल चंद्रा, साइबर सेल प्रभारी उपनिरीक्षक सत्येन्द्रपुरी गोस्वामी सहित पुलिस टीम के अधिकारियों और जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


