खबर वर्ल्ड न्यूज़ – हतबंद। शासकीय प्राथमिक विद्यालय हतबंद में विद्यार्थियों के लिए योग जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में आरोग्य मंदिर, चौबे कॉलोनी से श्री राजकिशोर तिवारी एवं श्रीमती अर्चना तिवारी ने विद्यार्थियों को सूर्य नमस्कार की सही विधि, उसके महत्व तथा नियमित अभ्यास से होने वाले शारीरिक एवं मानसिक लाभों की विस्तृत जानकारी दी।

इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षकों ने भी विद्यार्थियों को योग को दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाने के लिए प्रेरित किया और स्वस्थ जीवन में योग की महत्ता पर प्रकाश डाला।

विद्यालय के प्रधान पाठक डॉ. गोपा शर्मा ने बच्चों को योग, प्राणायाम, विभिन्न योगासनों, ध्यान एवं अष्टांग योग के सिद्धांतों की जानकारी देते हुए कहा कि नियमित योगाभ्यास से शरीर स्वस्थ, मन एकाग्र और व्यक्तित्व संतुलित बनता है। उन्होंने विद्यार्थियों से प्रतिदिन योग एवं प्राणायाम करने का संकल्प लेने का आह्वान किया।
डॉ. गोपा शर्मा ने बताया कि विद्यालय में प्रतिदिन प्रार्थना सभा के दौरान बच्चों को योग, दोहा, श्लोक और कविता पाठ के माध्यम से भारतीय संस्कृति एवं संस्कारों से निरंतर जोड़ा जाता है।
कार्यक्रम के समापन पर सभी विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिदिन योग एवं सूर्य नमस्कार का अभ्यास करने का संकल्प लिया। विद्यालय परिवार ने अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उनके मार्गदर्शन को विद्यार्थियों के लिए अत्यंत प्रेरणादायक बताया।


