KWNS – व्यास पाठक, रायपुर। पुलिस कमिश्नरेट रायपुर में प्रशासनिक कसावट लाने के उद्देश्य से बड़ा फेरबदल किया गया है। पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर 22 निरीक्षकों को तत्काल प्रभाव से नई पदस्थापना दी गई है। यह आदेश 1 अप्रैल 2026 को जारी किया गया, जिसे 6 अप्रैल 2026 से लागू कर दिया गया है।
जारी आदेश के अनुसार, रिजर्व ऑफिस (र.आ. केंद्र) सहित विभिन्न थानों में पदस्थ निरीक्षकों को प्रशासनिक दृष्टिकोण से अन्य थानों एवं इकाइयों में स्थानांतरित किया गया है। कई महत्वपूर्ण थानों में नए प्रभारी तैनात किए गए हैं, जिससे कानून व्यवस्था को और मजबूत करने का प्रयास किया गया है।
तबादला सूची के अनुसार, निरीक्षक जितेन्द्र जायसवाल को खमतराई, अजय झा को तेलीबांधा, शक्ति सिंह को मौदहापारा, रितेश मिश्रा को आजाद चौक भेजा गया है। वहीं विनय सिंह बघेल को टिकरापारा से पुरानी बस्ती, शिव नारायण सिंह को कबीर नगर से पंडरी तथा स्वराज त्रिपाठी को पंडरी से गोलबाजार स्थानांतरित किया गया है।
इसके अलावा अजीत सिंह राजपूत को आजाद चौक से सरस्वती नगर, गगन बाजपेयी को कबीर नगर, अजहरूद्दीन को राजेन्द्र नगर तथा राजेश कुमार सिंह को खमतराई से यातायात शाखा में पदस्थ किया गया है।
यातायात शाखा में भी कई निरीक्षकों की तैनाती की गई है, जिनमें मनोज साहू, पारस राम पटेल, अमित कुमार कौशिक और राकेश ठाकुर शामिल हैं। वहीं रविन्द्र कुमार यादव को डीडी नगर से अजाक थाना, जबकि सुनील दास को सरस्वती नगर में नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।
विशेष इकाइयों में भी बदलाव करते हुए नरेन्द्र साहू को डीसीबी/डीसीआरबी का प्रभारी तथा अन्य अधिकारियों को कंट्रोल रूम/डायल 112 और एंटी-नक्सल टास्क फोर्स (ANTF) की जिम्मेदारी दी गई है।
पुलिस कमिश्नर द्वारा जारी इस आदेश को कानून व्यवस्था में सुधार और कार्यप्रणाली को और प्रभावी बनाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।



