खबर वर्ल्ड न्यूज-राकेश पांडेय-दंतेवाड़ा। जिले की हसीन वादियों, घने जंगलों और ऐतिहासिक धरोहरों को देश के पर्यटन मानचित्र पर एक नई पहचान मिलने जा रही है। जिला खनिज संस्थान न्यास के अंतर्गत लगभग 61.05 लाख रुपये की लागत से तैयार किए गए बहुप्रतीक्षित ‘ढोलकल ट्रैकिंग रूट’ का लोकार्पण किया गया। छत्तीसगढ़ शासन के वन एवं जलवायु परिवर्तन, सहकारिता, संसदीय कार्य मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री केदार कश्यप ने मुख्य अतिथि के रूप में इस नए पर्यटन मार्ग को जनता और सैलानियों को समर्पित किया।
दंतेवाड़ा जिले की ऊंची पहाड़ियों पर स्थित ढोलकल गणेश प्रतिमा बस्तर की सबसे रहस्यमयी और चर्चित धरोहरों में गिनी जाती है। समुद्र तल से लगभग तीन हजार फीट की ऊंचाई पर स्थापित यह विशाल गणेश प्रतिमा वर्षों तक घने जंगलों के बीच छिपी रही। प्रतिमा की कलात्मक शैली और निर्माण काल को लेकर इतिहासकारों में अलग-अलग मत हैं, लेकिन इसे प्राचीन भारतीय शिल्पकला का उत्कृष्ट उदाहरण माना जाता है। ढोलकल तक पहुंचने के लिए पर्यटकों को पहाड़ी ट्रैकिंग करनी पड़ती है, जो रोमांच प्रेमियों को विशेष रूप से आकर्षित करती है। अब विकसित ट्रैकिंग रूट और बेहतर सुविधाओं के कारण यहां आने वाले पर्यटकों की संख्या बढ़ने की उम्मीद है।
लोकार्पण के अवसर पर क्षेत्र की अपार संभावनाओं को रेखांकित करते हुए मंत्री श्री कश्यप ने कहा कि दंतेवाड़ा की प्राकृतिक धरोहर, घने वन और आध्यात्मिक स्थल न केवल प्रदेश, बल्कि पूरे देश के पर्यटकों को अपनी ओर खींचने का दम रखते हैं। यह नया ट्रैकिंग रूट जहां एक तरफ साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देगा, वहीं दूसरी तरफ स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए सुनहरे अवसर खोलेगा, जिससे हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय स्तर पर एक नई पहचान मिलेगी। उन्होंने कहा कि पहाड़ों और मनमोहक नजारों से घिरे ढोलकल में अब पर्यटकों और श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुविधाजनक आवागमन का अहसास होगा, जिससे पूरे क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियां तेजी से बढ़ेंगी।
इस दाैरान विधायक चैतराम अटामी, जिला पंचायत अध्यक्ष नंदलाल मुड़ामी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष अरविंद कुंजाम, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती पायल गुप्ता, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सुनीता भास्कर और वरिष्ठ जनप्रतिनिधि संतोष गुप्ता के साथ ही प्रशासनिक स्तर पर पुलिस अधीक्षक श गौरव राय, वनमंडलाधिकारी (डीएफओ) रामकृष्णा रंगनाथा वाय और अपर कलेक्टर राजेश पात्रे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद रहे।
Trending
- मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की ने राजनांदगांव में 510 करोड़ रुपये से अधिक लागत के 333 विकास कार्यों का किया लोकार्पण-भूमिपूजन
- गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही के जैविक विष्णुभोग चावल की खुशबू पहुंची राजधानी रायपुर
- प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि ने बदली दुर्गेश यादव के खेती की तस्वीर
- संकटग्रस्त राजकीय पशु ‘वन भैंसा’ के लिए सुरक्षा कवच बना ‘वन भैंसा मित्र’
- जल जीवन मिशन ने बदली ग्राम लोहड़िया की तस्वीर
- महतारी वंदन योजना बनी सहारा- अनिता चतुर्वेदी को थायराइड के इलाज में मिल रही आर्थिक राहत
- इंद्रावती प्राधिकरण के उपाध्यक्ष शरद अवस्थी ने किया पदभार ग्रहण
- बेमेतरा में जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के लिए बड़ी पहल: कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं के जनदर्शन में पहुंचे 80 मामले, ऑन-द-स्पॉट निराकरण से जनता को मिली राहत


