खबर वर्ल्ड न्यूज-आशीष कंठले-बेमेतरा। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) ग्रामीण क्षेत्रों के आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद परिवारों के लिए किसी वरदान से कम नहीं है। यह योजना उन परिवारों को सम्मानजनक जीवन देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जो वर्षों से कच्चे मकान में रहने को मजबूर थे। जिले के जनपद पंचायत बेमेतरा अंतर्गत ग्राम पंचायत भोड़नामाठ की हितग्राही उर्मिला बाई की कहानी भी इस योजना की सफलता और प्रभाव का एक प्रेरक उदाहरण बनकर सामने आई है।
हितग्राही उर्मिला बाई, सामाजिक वर्ग “अन्य”, पीएमएवाई (ग्रामीण) आईडी CH2805789 से वर्ष 2024-25 में इस योजना से लाभान्वित हुई हैं। वे अपने परिवार के साथ लंबे समय से दो कमरों के जर्जर कच्चे मकान में रह रही थीं। बरसात के मौसम में मकान में पानी टपकना, दीवारों का कमजोर होना, तथा सुरक्षित आवास की कमी उनके परिवार के लिए हमेशा चिंता का कारण बनी रहती थी। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण वे स्वयं पक्का मकान बनवाने में असमर्थ थीं और मजदूरी एवं खेती पर निर्भर रहकर किसी तरह परिवार का पालन-पोषण कर रही थीं।
ऐसे कठिन समय में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) उनके लिए उम्मीद की नई किरण बनकर सामने आई। ग्राम पंचायत में जब योजना की पात्रता सूची जारी हुई, तब उर्मिला बाई का नाम उसमें शामिल पाया गया। इसके बाद उन्हें शासन की इस महत्वाकांक्षी योजना के तहत आवास निर्माण की स्वीकृति मिली। प्रशासन और पंचायत स्तर पर समय-समय पर मार्गदर्शन, तकनीकी सहयोग और निर्माण कार्यों की निगरानी के कारण उनका आवास समय पर पूरा हो सका।
आज उर्मिला बाई का सपना साकार हो चुका है। वे अपने परिवार के साथ एक सुंदर, सुरक्षित और मजबूत पक्के मकान में निवास कर रही हैं। नए घर ने उनके परिवार को न केवल सुरक्षा दी है, बल्कि आत्मविश्वास और सम्मान की भावना भी बढ़ाई है। पहले जहां बारिश और मौसम की मार का डर बना रहता था, वहीं अब उनका परिवार सुरक्षित वातावरण में रह रहा है और बच्चों को भी बेहतर माहौल मिल रहा है।
उर्मिला बाई ने प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के लिए भारत सरकार और राज्य शासन के साथ-साथ जिला प्रशासन, जनपद पंचायत और ग्राम पंचायत के प्रति आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि यह योजना गरीब और जरूरतमंद परिवारों के लिए एक बड़ी मदद है, जिससे उनका वर्षों पुराना सपना पूरा हुआ है। उनकी यह कहानी अन्य पात्र परिवारों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बन रही है और यह दर्शाती है कि शासन की योजनाएं वास्तव में जरूरतमंदों तक पहुंच रही हैं।
जिला प्रशासन द्वारा लगातार प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत आवास निर्माण कार्यों की मॉनिटरिंग की जा रही है, ताकि सभी पात्र हितग्राहियों को समय पर योजना का लाभ मिल सके और कोई भी परिवार पक्के मकान से वंचित न रहे। उमिला बाई की यह सफलता कहानी इस बात का प्रमाण है कि सही योजना, पारदर्शी प्रक्रिया और प्रशासनिक सक्रियता से ग्रामीण विकास को नई दिशा दी जा सकती है।
Trending
- लोकतंत्र के महापर्व में युवाओं की भागीदारी: शासकीय महाविद्यालय मरवाही में स्वीप व एनएसएस का मतदाता जागरूकता अभियान
- छत्तीसगढ़ में 240 ई-बसों की राह खुलेगी, 11 अक्टूबर को होगा कंसेशन एग्रीमेंट
- दीपावली से पहले शहर को कचरामुक्त करें, सेवाओं में देरी बर्दाश्त नहीं – सोनमणि बोरा
- विशेष लेख – पर्यटन के जरिए ग्रामीण सशक्तिकरण: विष्णु देव साय सरकार की अनूठी पहल
- मध्यप्रदेश ट्रैवल मार्ट में छत्तीसगढ़ पर्यटन की प्रभावशाली उपस्थिति, अंतर्राज्यीय पर्यटन सहयोग को मिला नया आयाम
- सरगुजा ओलंपिक से निखर रही ग्रामीण खेल प्रतिभाएं, युवा खिलाड़ियों के सपनों को मिल रही नई उड़ान – पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल
- उप मुख्यमंत्री अरुण साव के निर्देश पर एक्शन में पीडब्ल्यूडी, सड़कों की मरम्मत युद्धस्तर पर शुरू
- हाथी प्रभावित गांवों में पहुंचे पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल, ग्रामीणों से मिलकर जाना हाल, अधिकारियों को दिए त्वरित राहत के निर्देश


