KWNS – नई दिल्ली। हर महीने की पहली तारीख के साथ आम लोगों की जिंदगी से जुड़े कई नियमों और कीमतों में बदलाव देखने को मिलते हैं। फरवरी महीने की शुरुआत भी ऐसे ही अहम बदलावों के साथ होने जा रही है, जिसका असर घरेलू बजट से लेकर किसानों और उपभोक्ताओं तक पर पड़ सकता है। सरकार और संबंधित विभाग समय-समय पर नीतियों और दरों में संशोधन करते हैं, ताकि आर्थिक संतुलन बना रहे, ऐसे में 1 फरवरी से लागू होने वाले इन बदलावों पर नजर रखना जरूरी है।
FASTag इस्तेमाल करने वालों के लिए बड़ा बदलाव होने जा रहा है। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने कार, जीप और वैन के लिए FASTag जारी करते समय KYC वेरिफिकेशन प्रक्रिया को खत्म कर दिया है। यह नया नियम 1 फरवरी से लागू होगा। FASTag एक्टिव होने के बाद अलग से KYC कराने की जरूरत नहीं होगी।
जिन लोगों के फिंगरप्रिंट किसी कारणवश मैच नहीं हो पाते, उनके लिए फेस ऑथेंटिकेशन की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। जरूरत पड़ने पर आधार से जुड़े मोबाइल नंबर पर ओटीपी भेजकर भी पहचान सत्यापित की जा सकेगी। इस नई व्यवस्था से फर्जी आधार कार्ड के जरिए जमीन बेचने जैसे मामलों पर रोक लगेगी और भविष्य में प्रॉपर्टी विवादों की संभावना भी काफी हद तक कम हो जाएगी।
फरवरी की शुरुआत में एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमतों में बदलाव संभव है। हर महीने की पहली तारीख को तेल कंपनियां घरेलू और व्यावसायिक गैस सिलेंडर के दामों की समीक्षा करती हैं। यदि कीमतों में बढ़ोतरी होती है तो इसका सीधा असर रसोई के मासिक खर्च पर पड़ेगा, जबकि राहत मिलने की स्थिति में उपभोक्ताओं को कुछ राहत मिल सकती है।
इसके अलावा पान मसाला, सिगरेट और तंबाकू उत्पादों की कीमतें भी बढ़ सकती हैं। इन उत्पादों पर टैक्स बढ़ाने की तैयारी की जा रही है, जिसका उद्देश्य इनके उपयोग को कम करना और सरकारी राजस्व बढ़ाना है। टैक्स में इजाफे के बाद इन वस्तुओं की खुदरा कीमतों में बढ़ोतरी तय मानी जा रही है।
किसानों के लिए राहत भरी खबर यह हो सकती है कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की अगली किस्त फरवरी में जारी की जा सकती है। हालांकि सरकार की ओर से अभी आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है, लेकिन पिछले पैटर्न को देखते हुए फरवरी महीने में किस्त आने की संभावना जताई जा रही है।
LPG के साथ-साथ 1 फरवरी से CNG, PNG और एविएशन टर्बाइन फ्यूल (ATF) की नई कीमतें भी लागू होंगी। ऑयल कंपनियां हर महीने की शुरुआत में इनकी समीक्षा करती हैं। नई दरों का असर वाहन चालकों और हवाई यात्रा के किराए पर पड़ सकता है।


