खबर वर्ल्ड न्यूज-राकेश पांडेय-जगदलपुर। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय करीतगांव बकावंड, बस्तर की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई द्वारा सुरक्षित पारा सुरक्षित लईकामन 3.0 परियोजना के तृतीय सप्ताह के अंतर्गत ग्राम उलनार के मांझिपारा, थाना गुड़ीपारा, इंद्रावास, बेड़कापारा एवं बालूगुड़पारा में जागरूकता एवं सर्वेक्षण अभियान आज रविवार को संचालित किया गया। इस दौरान स्वयंसेवकों ने ग्रामीण परिवारों एवं बच्चों से संवाद करते हुए स्वच्छता, बालकों के लिए पौष्टिक आहार, घर के भीतर संभावित लैंगिक हिंसा, बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य तथा सामाजिक व्यवहार परिवर्तन जैसे संवेदनशील विषयों पर जानकारी एकत्र की गई।
अभियान के दौरान स्वयंसेवकों ने बच्चों के शाला त्यागी होने के कारणों पर भी ग्रामीणों से विस्तार से चर्चा की। सर्वे में यह तथ्य सामने आया कि कुछ पाराओं में बच्चों एवं बालिकाओं की स्वास्थ्य समस्याओं और निरंतर उपचार के कारण उनकी विद्यालय में उपस्थिति कम हो रही है, जिससे शाला त्याग की स्थिति बनती जा रही है। स्वयंसेवकों ने इसे गंभीर सामाजिक समस्या मानते हुए ग्रामीण स्तर पर सकारात्मक पहल करने का संकल्प लिया। परियोजना का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में बच्चों में कुपोषण, लैंगिक हिंसा और बाल विवाह जैसी कुरीतियों को समाप्त करना, उनके मानसिक स्वास्थ्य एवं सामाजिक व्यवहार में सकारात्मक परिवर्तन लाना तथा उन्हें स्वस्थ मानसिकता के साथ समाज की मुख्यधारा से जोड़ना है।
इसी दिशा में स्वयंसेवकों ने प्रत्येक पारा के बालक-बालिकाओं को शारीरिक एवं मानसिक रूप से सशक्त बनाने और ग्रामीणों को बच्चों की शिक्षा, पोषण एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने का निर्णय लिया।अभियान के अंतर्गत उलनार ग्राम पंचायत के सरपंच श्री मधुसूदन नेताम से भी बच्चों के पोषण एवं स्वास्थ्य सुरक्षा विषय पर चर्चा की गई, जिसमें उन्होंने इस पहल को सराहनीय बताते हुए सहयोग का आश्वासन दिया। ज्ञात हो कि इस परियोजना के सफल संचालन एवं नेतृत्व हेतु एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन यूनिसेफ एवं शहीद महेंद्र कर्मा विश्वविद्यालय, धरमपुरा जगदलपुर द्वारा किया गया है।
इस अवसर पर शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय करीतगांव की प्राचार्य श्रीमती मोनिता पानिग्राही, राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के कार्यक्रम अधिकारी राहुल सिंह ठाकुर, सहायक अधिकारी वाणी हुमने, लोकेश निषाद सहित स्वयंसेवक दिनेश नाग, शंभू पटेल, तनिष पटेल, निर्मला यादव, डालेश्वरी बघेल, शीतला कश्यप, गणिता नाग एवं अन्य स्वयंसेवकों की सक्रिय सहभागिता रही। अभियान के माध्यम से ग्रामीण अंचलों में बच्चों के सुरक्षित, स्वस्थ और उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक मजबूत कदम बढ़ाया गया।
Trending
- वन मंत्री केदार कश्यप ने कोण्डागांव जिले को दी 12 करोड़ 47 लाख 75 हजार रुपये के 10 विकास कार्यों की सौगात
- अवैध धान भंडारण पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई: खरसिया में 2 स्थानों से 46 क्विंटल धान जब्त, मंडी अधिनियम के तहत केस दर्ज
- विष्णु भैया की सरकार में धान बेचना हुआ आसान, कटंगी कला के भीखम पटेल ने बेचा 44 क्विंटल 80 किलो धान
- प्रकाश पर्व पर गुरुद्वारा पहुंचे उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, मत्था टेककर लिया आशीर्वाद
- संविधान गौरव दिवस से पहले सियासी पारा चढ़ा: भाजपा प्रवक्ता शताब्दी पांडेय का कांग्रेस पर तीखा प्रहार, कहा- ‘संविधान का मखौल उड़ाना कांग्रेस की कार्यशैली’
- 52 गेंदों में दोहरा शतक: 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी ने रचा इतिहास, छत्तीसगढ़ के वित्तमंत्री ओपी चौधरी ने दी बधाई
- मितानिनें ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था की मजबूत आधारशिला, मितानिन दिवस पर 12 मितानिनों का सम्मान
- सेवा सहकारी समिति भटगांव में विधि-विधान से शुरू हुई धान खरीदी


