नई दिल्ली। गर्मी का मौसम शुरू होते ही लोगों के सामने सबसे बड़ी चुनौती शरीर को स्वस्थ और हाइड्रेट बनाए रखने की होती है। तापमान बढ़ने के साथ शरीर से पसीने के रूप में पानी और जरूरी इलेक्ट्रोलाइट्स तेजी से बाहर निकलते हैं जिससे डिहाइड्रेशन, चक्कर, कमजोरी और हीट स्ट्रोक जैसी समस्याओं का खतरा बढ़ जाता है। अगर समय रहते खान पान और पेय पदार्थों पर ध्यान न दिया जाए तो गर्मी से जुड़ी कई स्वास्थ्य समस्याएं सामने आ सकती हैं। ऐसे में विशेषज्ञ गर्मियों में अधिक से अधिक तरल पदार्थों का सेवन करने की सलाह देते हैं ताकि शरीर का तापमान संतुलित बना रहे और शरीर में पानी की कमी न हो।
शरीर के लिए सबसे जरूरी है पर्याप्त पानी
लोकल 18 से बातचीत में डायटिशियन ममता पांडे ने बताया कि गर्मियों में सबसे जरूरी चीज पर्याप्त मात्रा में पानी पीना है। उनका कहना है कि एक स्वस्थ व्यक्ति को प्रतिदिन लगभग ढाई से तीन लीटर पानी जरूर पीना चाहिए। अगर किसी व्यक्ति का काम ऐसा है जिसमें शारीरिक गतिविधि ज्यादा होती है या मसल्स अधिक एक्टिव रहती हैं तो पानी की मात्रा और बढ़ानी चाहिए। उन्होंने बताया कि मानव शरीर का लगभग 70 प्रतिशत हिस्सा पानी से बना होता है इसलिए शरीर के सही तरीके से काम करने के लिए पानी बेहद जरूरी है।
नींबू शर्बत और आम पना गर्मी में बेहद फायदेमंद
डायटिशियन के अनुसार पानी के अलावा गर्मियों में कई प्राकृतिक पेय पदार्थ शरीर को ठंडक देने के साथ साथ जरूरी पोषक तत्व भी प्रदान करते हैं। नींबू का शर्बत इनमें सबसे आसान और फायदेमंद ड्रिंक माना जाता है। इसमें विटामिन सी और इलेक्ट्रोलाइट्स अच्छी मात्रा में पाए जाते हैं जो शरीर को तुरंत ऊर्जा देने में मदद करते हैं।
इसके अलावा आम पना भी गर्मियों के लिए बेहद लाभकारी पेय पदार्थ है। कच्चे आम से बनने वाला यह ड्रिंक विटामिन ए, विटामिन सी और फाइबर से भरपूर होता है। आम पना शरीर को ठंडक देता है और लू से बचाने में भी काफी मददगार माना जाता है। गर्मियों में सत्तू का शर्बत भी काफी फायदेमंद होता है क्योंकि सत्तू में आयरन, प्रोटीन और फाइबर प्रचुर मात्रा में पाए जाते हैं जो शरीर को ऊर्जा देने के साथ साथ लंबे समय तक पेट भरा हुआ महसूस कराते हैं।
इसके अलावा पुदीना और खीरा से बना शर्बत भी शरीर को ठंडक देने का काम करता है। इन दोनों चीजों में पानी की मात्रा अधिक होती है जो शरीर को हाइड्रेट रखने में मदद करती है। चाहें तो घर में ही गरी, मिश्री, सौंफ और बादाम को पीसकर एक हेल्दी शर्बत भी तैयार किया जा सकता है, जो शरीर को पोषण देने के साथ गर्मी से राहत दिलाता है।
नारियल पानी और छाछ भी हैं बेहतरीन विकल्प
गर्मियों में नारियल पानी को सबसे बेहतरीन नेचुरल ड्रिंक माना जाता है। इसमें एंटीऑक्सीडेंट्स, पोटेशियम और मैग्नीशियम जैसे कई जरूरी तत्व पाए जाते हैं जो शरीर में इलेक्ट्रोलाइट्स का संतुलन बनाए रखते हैं। दिन में एक बार नारियल पानी पीना शरीर को फिट और एनर्जी से भरपूर रखने में मदद करता है। इसके अलावा छाछ भी गर्मियों के लिए बेहद लाभकारी मानी जाती है। यह शरीर के मेटाबॉलिज्म को बेहतर बनाने के साथ पाचन तंत्र को भी मजबूत करती है।
डिहाइड्रेशन होने पर ओआरएस का करें इस्तेमाल
डायटिशियन के अनुसार अगर किसी कारण से शरीर में डिहाइड्रेशन हो जाता है तो ऐसे में ओआरएस का सेवन करना फायदेमंद होता है। इससे शरीर को तुरंत इलेक्ट्रोलाइट्स मिल जाते हैं और शरीर का हाइड्रेशन स्तर जल्दी संतुलित हो जाता है। हालांकि विशेषज्ञ गर्मियों में बाजार में मिलने वाले प्रोसेस्ड कोल्ड ड्रिंक्स से दूरी बनाने की सलाह देते हैं। इनमें फास्ट कैलोरी और अधिक मात्रा में शुगर होती है जो शरीर को नुकसान पहुंचा सकती है। नियमित रूप से इनका सेवन करने से स्वास्थ्य पर नकारात्मक प्रभाव भी पड़ सकता है। ऐसे में प्राकृतिक पेय पदार्थों को अपनी दिनचर्या में शामिल करना ही गर्मियों में स्वस्थ रहने का सबसे बेहतर तरीका है।
Trending
- बिलासपुर में लेनदेन के विवाद पर सरेआम बेल्ट-डंडों से मारपीट करने वाले दोनों आरोपी गिरफ्तार
- बहनों का स्नेह और आशीर्वाद मेरे लिए अनमोल : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय
- लेन-देन के विवाद में बिलासपुर में युवक और उसकी पत्नी पर जानलेवा हमला: बेल्ट-लाठियों से पिटाई का वीडियो वायरल
- विष्णु भईया संग रक्षाबंधन, मुख्यमंत्री निवास में बहनों ने बांधी राखी
- दुर्ग में नगर सेना में नौकरी का झांसा देकर 6.30 लाख रुपये की ठगी, आरोपी इसरार खान गिरफ्तार
- दिल्ली दौरे के बाद रायपुर लौटे CM साय, रक्षाबंधन की दी बधाई; नेपाल बाढ़ त्रासदी पर जताई चिंता
- कांकेर में ‘पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना’ को रफ्तार देने जिला स्तरीय निगरानी समिति का गठन
- रक्षाबंधन पर राज्यपाल रमेन डेका ने भगवान जगन्नाथ के दर्शन कर बांधा रक्षासूत्र


