खबर वर्ल्ड न्यूज-। कोरबा लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत भाजपा का चुनाव प्रचार जारी है। विभिन्न क्षेत्रों में नेताओं के कार्यक्रम हो रहे हैं और इसके माध्यम से जनता तक बात पहुंचाई जा रही है। जिला मुख्यालय कोरबा से 35 किलोमीटर दूर करतला में भाजपा ने आम सभा का आयोजन किया। जिसमें मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष किरण देव, मंत्री लखन लाल देवांगन और भाजपा प्रत्याशी डॉक्टर सरोज पांडे ने मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री विष्णु देव ने सभा को संबोधित किया और भाजपा प्रत्याशी के लिए समर्थन मांगा। मीडिया से बातचीत में उन्होंने बताया कि सभी तरफ भाजपा के लिए अच्छा वातावरण है और छत्तीसगढ़ की सभी 11 सीट हम जीतेंगे।

महादेव एप्प में आरोपियों की गिरफ्तारी से संबंधित एक सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रकरण में जांच चल रही है और एजेंसी अपना काम कर रही है।

याद रहे कोरबा जिले के रामपुर विधानसभा क्षेत्र में फिलहाल कांग्रेस के विधायक हैं। पिछले चुनाव में भाजपा यहां 22000 वोट से पिछड़ गई थी। इसलिए इस इलाके को अपने पक्ष में करने के लिए भाजपा लगातार कोशिश कर रही है। वैसे भी राजनीतिक रणनीतिकारों का मानना है कि हर चुनाव में मुद्दे अलग-अलग हो जाते हैं और वह इस हिसाब से चुनाव के परिदृश्य में अपना असर डालते हैं।