खबर वर्ल्ड न्यूज-शिव तिवारी-बिलासपुर। शिक्षा विभाग के कोटा ब्लॉक में आर्थिक गड़बड़ी का मामला सामने आया है। तत्कालीन और वर्तमान बीईओ ने यहां पदस्थ चपरासी को डीडीओ यानि आहरण एवं संवितरण अधिकारी का अधिकार सौंप दिया। इसका फायदा उठाते हुए चपरासी ने पिछले 15 महीनों के भीतर अपने बैंक खाते में वेतन के नाम पर 29 लाख 62 हजार 322 रुपए की अतिरिक्त राशि जमा करा ली। आरोपी भृत्य ही पिछले 10-15 वर्षों से वेतन बिल बनाने का काम कर रहा था। मामले में संचालनालय कोष, लेखा एवं पेंशन ने बिलासपुर के वरिष्ठ कोषालय अधिकारी को जांच के आदेश दिए थे। जांच में गड़बड़ी का खुलासा हुआ है। जांच रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने एक से अधिक आरोपियों के खिलाफ वित्तीय अनियमितता, दस्तावेजों से छेड़छाड़ समेत अन्य धाराओं के तहत जुर्म दर्ज किया है।
कोटा बीईओ कार्यालय में पदस्थ देवेन्द्र कुमार पालके वेतन बनाने वाली यानी मेकर आईडी से वेतन बनाता था। मूलतः वह भृत्य है। वह अधिकारियों की चेकर आईडी और डिजिटल सिग्नेचर का भी उपयोग कर रहा था। नियमों के अनुसार बिलों का सत्यापन आहरण एवं संवितरण अधिकारी को करना था, लेकिन कोटा बीईओ कार्यालय में चपरासी ही खुद बिल बनाता और खुद ही उसे पास कर कोषालय भेज देता था। संचालनालय कोष एवं लेखा व पेंशन ने जब डेटा का रैंडम परीक्षण किया तो पता चला कि एक चपरासी के वेतन में असामान्य वृद्धि हुई है। जांच में पता चला कि सितंबर 2024 से फरवरी 2025 के बीच आरोपी ने 25.04 लाख रुपए अतिरिक्त निकाले। मार्च 2025 से नवंबर 2025 के बीच फिर से 4.57 लाख रुपए निकाले गए। कई महीनों में तो चपरासी ने अपने खाते में 4.95 लाख रुपए तक की राशि ट्रांसफर की।
चपरासी ने चोरी पकड़े जाने के डर से कैश बुक और बिल रजिस्टर में पुरानी कम राशि की एंट्री कीं, जबकि बैंक खाते में बड़ी रकम ट्रांसफर की। यहां तक कि वह अपना फार्म- 16 भी खुद ही बना लेता था, जिसे कभी कार्यालय में जमा ही नहीं किया गया।
Trending
- पटवारी हड़ताल सरकार की सोची-समझी साजिश थी, किसानों का पूरा धान खरीदना होगा: भूपेश बघेल
- जादू-टोना के शक में 42 वर्षीय ग्रामीण की हत्या, दो आरोपी गिरफ्तार कर जेल भेजे गए
- श्रीमद् भागवत कथा से मिलता है भक्ति, सदाचार और लोककल्याण का संदेश: मंत्री राजेश अग्रवाल
- धान खरीदी में पारदर्शिता सर्वोपरि, किसानों की सुविधा का रखें पूरा ध्यान : मनोज कुमार पिंगुआ
- भगवान सहस्रबाहु अर्जुन के आदर्श न्याय, धर्मरक्षा और लोककल्याण की प्रेरणा देते हैं : मुख्यमंत्री साय
- घर बैठे मिला ऑनलाइन टोकन, किसानों के लिए धान बेचना हुआ आसान
- पेंड्रा बायपास के निर्माण के लिए 109 करोड़ की पुनरीक्षित प्रशासकीय स्वीकृति
- अयोध्या के श्रीराम मंदिर की तर्ज पर सरगुजा के रामगढ़ में आकार ले रहा भव्य श्रीराम मंदिर, मंत्री राजेश अग्रवाल ने किया निर्माण कार्य का निरीक्षण


