आज रायपुर की विशेष CBI अदालत में पेशी
खबर वर्ल्ड न्यूज-रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने महादेव सट्टा ऐप मामले के मुख्य आरोपी सौरभ चंद्राकर की गिरफ्तार को लेकर बयान दिया है. उन्होंने सौरभ चंद्राकर की गिरफ्तार को बड़ी सफलता बताते हुए सीबीआई और केंद्रीय जांच एजेंसियों की पीठ थपथपाई।
रायपुर एयरपोर्ट पर सोमवार सुबह मीडिया से चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री साय ने महादेव सट्टा ऐप मामले के मुख्य आरोपी सौरभ चंद्राकर की गिरफ्तार को बड़ी सफलता बताया। उन्होंने कहा कि मुख्य आरोपी को पकड़ने के लिए केन्द्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) लगातार प्रयास कर रही थी। अब इस मामले में जल्द कई बड़े खुलासे होंगे। मुख्यमंत्री ने CBI और सभी केंद्रीय एजेंसियों को बधाई दी।
महादेव सट्टा ऐप से जुड़े मामलों की जांच केन्द्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) की जांच जारी है। राज्य सरकार की ओर से इस मामले से जुड़ी 13 FIR जांच के लिए CBI को सौंपी गई थी। वहीं ED ने भी उसके खिलाफ अभियोजन शिकायत (प्रॉसिक्यूशन कंप्लेंट) दाखिल की है।
ओमान से सौरभ चंद्राकर गिरफ्तार
CBI की ओर से 1 नवंबर 2026 को जारी जानकारी के अनुसार, सौरभ चंद्राकर के खिलाफ इंटरपोल का रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया गया था। इसके आधार पर उसे ओमान में तलाश कर रॉयल ओमान पुलिस ने हिरासत में लिया था। इसके बाद CBI और ED ने उसके खिलाफ जुटाए गए साक्ष्यों के साथ ओमान सरकार को औपचारिक प्रत्यर्पण प्रस्ताव भेजा।
भारत सरकार की विभिन्न एजेंसियों, इंटरपोल के नेशनल सेंट्रल ब्यूरो और ओमान के संबंधित अधिकारियों के साथ समन्वय कर प्रत्यर्पण की प्रक्रिया पूरी की गई। अनुमति मिलने के बाद CBI की एक विशेष टीम मस्कट पहुंची और सौरभ चंद्राकर को भारत लेकर आई।
सौरभ चंद्राकर को आज लाया जाएगा रायपुर
CBI के अनुसार, भारत पहुंचने के बाद सौरभ चंद्राकर की मेडिकल जांच कराई गई। इसके बाद ट्रांजिट रिमांड हासिल कर उसे रायपुर लाया जाएगा। उसे 2 नवंबर को रायपुर की विशेष CBI अदालत में पेश किया जाएगा।


