मुख्यमंत्री और गृहमंत्री को पत्र लिखकर अपनी मांग रखी
खबर वर्ल्ड न्यूज-रायपुर। छत्तीसगढ़ में फांसी की सजा पर अमल के लिए जल्लाद बनाने की मांग उठी है। संयुक्त पुलिस कर्मचारी एवं परिवार कल्याण संघ के अध्यक्ष उज्जवल दीवान ने सूरजपुर पुलिस परिवार हत्याकांड के दोषियों को फांसी देने के लिए खुद निःशुल्क जल्लाद बनने की इच्छा जताई है। इस संबंध में उन्होंने मुख्यमंत्री और गृहमंत्री को पत्र लिखकर अपनी मांग रखी है।
उज्जवल दीवान ने अपने पत्र में कुलदीप साहू, चंद्रकांत चौधरी और फूल सिंह उर्फ रिंकू विश्वकर्मा को फांसी की सजा देने का मुद्दा उठाया है। उन्होंने कहा है कि यदि दोषियों को सुनाई गई मृत्युदंड की सजा पर कानूनी प्रक्रिया के तहत अमल किया जाना है, तो वे बिना किसी पारिश्रमिक के जल्लाद की भूमिका निभाने के लिए तैयार हैं। उन्होंने इस पेशकश के जरिए पुलिस परिवार के प्रति अपनी संवेदना और पीड़ितों को न्याय दिलाने की मांग रखी है।
छत्तीसगढ़ के सूरजपुर में मां-बेटी हत्याकांड मामले में स्पेशल कोर्ट ने मुख्य आरोपी कुलदीप समेत 3 दोषियों को फांसी की सजा सुनाई है।
दीवान ने कहा कि पुलिसकर्मियों और उनके परिवारों की सुरक्षा तथा सम्मान से जुड़े मामलों को गंभीरता से लिया जाना चाहिए। वर्दीधारी कर्मचारियों के परिवारों के साथ होने वाली गंभीर आपराधिक घटनाओं में पीड़ितों को न्याय मिलना जरूरी है। उन्होंने मुख्यमंत्री और गृहमंत्री से इस मामले में आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।


