हैवी वाहनों के दबाव से हादसों का खतरा, ग्रामीणों ने कहा- आश्वासन नहीं, अब चाहिए स्थायी समाधान
खबर वर्ल्ड न्यूज-धमतरी। कुरुद क्षेत्र के खैरा और चर्रा गांव से होकर गुजरने वाले भारी वाहनों के दबाव को देखते हुए ग्रामीणों एवं पंचायत प्रतिनिधियों ने बाईपास सड़क निर्माण की मांग तेज कर दी है। ग्रामीणों ने अपर कलेक्टर इंदिरा नवीन सिंह को मुख्यमंत्री, भारत सरकार और कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपकर प्रस्तावित बाईपास मार्ग के निर्माण की मांग रखी।
ग्रामीणों के अनुसार कुरुद से करीब 2-3 किलोमीटर आगे खैरा गांव के भाठाखार क्षेत्र से धरसा रोड को क्रॉस करते हुए मोंगरा के बाहरी हिस्से से खेतों की ओर से नेशनल हाईवे पर चर्रा के आगे वाहन क्रॉसिंग तक बाईपास मार्ग बनाया जा सकता है। उनका कहना है कि इस मार्ग के बनने से भारी वाहनों को गांव के मुख्य बाजार से होकर गुजरने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
स्कूल-कॉलेज और बाजार के बीच से गुजरते हैं भारी वाहन
ग्रामीणों ने बताया कि वर्तमान में भारी लोड वाहनों सहित अन्य वाहनों की आवाजाही चर्रा गांव के मुख्य बाजार से होकर होती है। इसी मार्ग पर कॉलेज, केंद्रीय विद्यालय, स्कूल और बड़ी संख्या में दुकानें स्थित हैं। संकरी सड़क और लगातार बढ़ते यातायात के कारण दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है।
ग्रामीणों का कहना है कि इससे स्कूली बच्चों, कॉलेज विद्यार्थियों, बुजुर्गों और स्थानीय दुकानदारों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। सुरक्षित यातायात व्यवस्था के लिए पहले भी कुरुद विधायक और जनपद पंचायत के समक्ष बाईपास की मांग रखी जा चुकी है।
खैरा में मूलभूत सुविधाओं की भी कमी
ग्रामीणों ने बाईपास के साथ खैरा गांव में मूलभूत सुविधाओं का मुद्दा भी उठाया। उनका कहना है कि गांव में सड़क, स्ट्रीट लाइट और पर्याप्त पेयजल जैसी सुविधाओं की कमी है। ग्रामीणों ने क्षेत्र के समग्र विकास के लिए स्थायी योजनाओं की मांग की।
अपर कलेक्टर ने बताई बाईपास से विकास की संभावनाएं
ज्ञापन लेने के दौरान अपर कलेक्टर इंदिरा नवीन सिंह ने ग्रामीणों की मांग पर जल्द समाधान की दिशा में कार्रवाई का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि सड़क के चौड़ीकरण और बाईपास निर्माण की दिशा में जल्द समाधान किया जाएगा।
अपर कलेक्टर ने यह भी कहा कि किसी क्षेत्र में बेहतर सड़क और कनेक्टिविटी बनने से इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास, व्यापारिक गतिविधियों, कनेक्टिविटी और जमीन के मूल्य में वृद्धि जैसी संभावनाएं पैदा होती हैं।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की कि इस बार केवल आश्वासन तक मामला सीमित न रहे, बल्कि खैरा-चर्रा बाईपास की मांग पर स्थायी समाधान की दिशा में ठोस कार्रवाई की जाए। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि मांग पूरी नहीं होने पर आगे धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
इस दौरान जनसेवक प्रतीक साहू, हीरालाल साहू, ग्राम पंचायत सरपंच योगेश्वरी साहू, उपसरपंच जमुना यादव सहित पंच रमाकांत साहू, छबीराम साहू, शैलेंद्र साहू, बलीराम ध्रुव, गोपाल पटेल, नीता साहू, रमेशरी नवरंगे, मंगल पटेल, जामुन यादव, गिरजा साहू, गोदावरी कंवर, खेमिन साहू सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।


