खबर वर्ल्ड न्यूज-जशपुर। नशे के खिलाफ जशपुर पुलिस के ऑपरेशन आघात के तहत बड़ी कार्रवाई सामने आई है। लावाकेरा पुलिस चेकिंग बैरियर पर पुलिस ने मिर्ची की बोरियों के नीचे छिपाकर ले जाया जा रहा 440.63 किलो अवैध गांजा बरामद किया है। पुलिस ने मामले में उत्तरप्रदेश के प्रयागराज निवासी दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 2 करोड़ 20 लाख 31 हजार 500 रुपये है।
पुलिस के मुताबिक, 2 अक्टूबर 2026 की सुबह करीब 9 बजे एंटी नारकोटिक्स और थाना तपकरा पुलिस की संयुक्त टीम लावाकेरा चेकिंग बैरियर पर संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान ओडिशा की ओर से आ रहे टाटा आईसर मिनी ट्रक क्रमांक UP-71-T-6592 को संदेह के आधार पर रोका गया। वाहन में सवार दो व्यक्तियों ने अपना नाम मो. वसीम (28) और मो. आसिफ (34) बताया। दोनों प्रयागराज, उत्तरप्रदेश के रहने वाले हैं। पूछताछ में उन्होंने ट्रक में मिर्ची की बोरियां लोड होने और उन्हें ओडिशा से उत्तर प्रदेश ले जाने की बात कही।
संदेह होने पर पुलिस ने वाहन में लदे सामान की बारीकी से जांच की। ऊपर की ओर मिर्ची की बोरियां मिलीं, जिन्हें हटाने पर नीचे रखी बोरियों में टेप से लिपटे पैकेट दिखाई दिए। पैकेट खोलकर जांच करने पर उनमें गांजा मिला। पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में जांच की तो 14 बोरियों में कुल 440 पैकेट गांजा बरामद हुआ, जिसका वजन 440.63 किलोग्राम निकला।
पुलिस ने गांजे के संबंध में आरोपियों से वैध दस्तावेज मांगे, लेकिन वे कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद गांजा और तस्करी में इस्तेमाल मिनी ट्रक को जब्त कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, जब्त गांजे की कीमत 2 करोड़ 20 लाख 31 हजार 500 रुपये और वाहन की अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपये है। इस तरह मामले में कुल 2 करोड़ 40 लाख 31 हजार 500 रुपये की जब्ती की गई है।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि गांजा ओडिशा के बोध क्षेत्र से लेकर प्रयागराज ले जाया जा रहा था। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा किससे खरीदा गया था और उत्तरप्रदेश में इसे किस व्यक्ति तक पहुंचाया जाना था। पुलिस ने मामले में एंड-टू-एंड विवेचना शुरू कर दी है। तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी जांची जा रही है। दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना तपकरा में धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस के मुताबिक, मामले में संलिप्त पाए जाने वाले अन्य लोगों के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
Trending
- नक्सलवाद के साये से समृद्धि के उजाले तक, भारत मंडपम में दिखा नए छत्तीसगढ़ का नया चेहरा
- जनजातीय गौरव दिवस पर जनजातीय संस्कृति, परंपरा और विरासत की दिखी अनुपम झलक
- मानव तस्करी और घरेलू हिंसा के खिलाफ जागरूकता का संदेश देगी राष्ट्रीय कार्यशाला, राज्यपाल करेंगे शुभारंभ, मुख्यमंत्री होंगे शामिल
- पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आबकारी नीति, फसल रकबा और मतदाता सूची के मुद्दों पर सरकार को घेरा
- पूल क्लब की आड़ में हेरोइन (चिट्टा) तस्करी का भंडाफोड़: 4 आरोपी गिरफ्तार, 3.69 लाख से अधिक की संपत्ति जब्त
- प्रधानमंत्री आवास योजना से रामकुमार कश्यप के परिवार को मिला पक्का आशियाना
- सेवा सेतु पोर्टल से रवि कुमार साहू को 10 दिनों में मिला स्थायी जाति प्रमाण पत्र
- गम्हरिया धान खरीदी केंद्र की व्यवस्थाओं से अन्नदाता संतुष्ट, ₹3,100 प्रति क्विंटल दर और ₹13,839 आदान सहायता ने बढ़ाया भरोसा


