“संगठन मजबूत, पत्रकार सुरक्षित, लोकतंत्र सशक्त” का लिया संकल्प
खबर वर्ल्ड न्यूज-संतोष पाठक-मुंगेली। सर्व पत्रकार एकता महासंघ छत्तीसगढ़ इकाई मुंगेली के तत्वाधान में रविवार को एक गरिमामय एवं भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया।कार्यक्रम में संगठन की विचारधारा से प्रभावित होकर जुड़े नवयुवक, निर्भीक, निष्पक्ष और जुझारू पत्रकार साथियों को महासंघ परिवार में शामिल करते हुए विधिवत रूप से प्राथमिक सदस्यता प्रदान की गई। नव प्रवेशी साथियों के जुड़ने से संगठन को नई ऊर्जा और नई ताकत मिली है।
इस अवसर पर सभी नए पदाधिकारियों का फूल-मालाओं से आत्मीय स्वागत कर उत्साहवर्धन किया गया तथा उन्हें संगठन के प्रति निष्ठा, ईमानदारी और पत्रकार हित में निरंतर कार्य करने की शपथ दिलाई गई।कार्यक्रम का दूसरा महत्वपूर्ण पड़ाव सम्मान समारोह रहा। इसके तहत समाज व पत्रकार हित में उत्कृष्ट और सराहनीय कार्य करने वाले मीडियाकर्मियों का प्रतीक चिन्ह और श्रीफल भेंट कर गरिमापूर्ण सम्मान किया गया। सम्मानित पत्रकारों ने विषम परिस्थितियों में भी सच्ची, निष्पक्ष और जनहितैषी पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई है। इस सम्मान से अन्य पत्रकार साथियों में भी सकारात्मक ऊर्जा का संचार हुआ।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महासंघ के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने कहा कि सर्व पत्रकार एकता महासंघ केवल एक संगठन नहीं, बल्कि पत्रकारों का एक परिवार है। यहाँ हर सुख-दुख में एक-दूसरे के साथ खड़े रहने की परंपरा है। मंच से यह दृढ़ संकल्प दोहराया गया कि संगठन किसी भी पत्रकार के साथ होने वाले अन्याय, उत्पीड़न या प्रताड़ना के खिलाफ कभी खामोश नहीं रहेगा। जिले और प्रदेश स्तर पर पत्रकारों की छोटी से छोटी तथा बड़ी से बड़ी समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए उनके हक के लिए निर्णायक लड़ाई लड़ी जाएगी।
पदाधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि आज के दौर में सच लिखने पर पत्रकारों को कई चुनौतियों और दबावों का सामना करना पड़ता है। कई बार उन्हें धमकियों तक का सामना करना पड़ता है। ऐसे समय में एकजुटता ही सबसे बड़ा हथियार है। जब एक पत्रकार पर संकट आता है तो पूरा महासंघ एकजुट होकर चट्टान की तरह उसके साथ खड़ा रहेगा। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ को मजबूत बनाए रखने के लिए पत्रकारों की एकजुटता ही सबसे बड़ी ताकत है। संगठन का ध्येय है – संगठन मजबूत, पत्रकार सुरक्षित, लोकतंत्र सशक्त। सत्य के साथ, संघर्ष के साथ, पत्रकार हित में सदैव तत्पर के ध्येय वाक्य के साथ सर्व पत्रकार एकता महासंघ लगातार छत्तीसगढ़ में पत्रकारों के अधिकारों, सम्मान और सुरक्षा की आवाज को बुलंद करता रहेगा और पीड़ित, शोषित तथा वंचित वर्ग की आवाज को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने का कार्य पूरी निष्पक्षता के साथ करेगा।
इस गरिमामय आयोजन में प्रमुख रूप से सुरेश सिंह पाटले, खेमेश्वर पुरी गोस्वामी, योगेश कुमार साहू, देव चरण जोशी, अरविंद कुमार, पोखराज खांडे, त्रिलोक कोशले, देव प्रसाद बंजारा, मनुराज अनंत, रूपेंद्र भारती, घनश्याम कुर्रे, पुखराज सिंह, राकेश भास्कर, सुखाजग्गी खरे, दिलीप कुमार, जियाउद्दीन खान, श्रवन कुमार दुबे, कन्हैया यादव, देवी प्रसाद, अनुप कुमार चौरसिया, संतोष पाठक, सचिन पाठक, नवीन आहिरे, वार्षिक बंजारा सहित भारी संख्या में पत्रकार साथी उपस्थित होकर महासंघ की सदस्यता ग्रहण की। कार्यक्रम में प्रदेश स्तर से प्रदेश अध्यक्ष प्रमोद कुमार बंजारे, प्रदेश संरक्षक भागवत पात्रे, प्रदेश सचिव श्रवण घृतलहरे, प्रदेश मीडिया प्रभारी शत्रुहन बंजारे, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य नरेश चौहान, संतोष भट्ठ, मनीराम भारती विशेष रूप से उपस्थित रहे। प्रदेश पदाधिकारियों की उपस्थिति से जिला इकाई के कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखने को मिला। अंत में सभी ने पत्रकार एकता को बनाए रखने और संगठन को प्रदेश के हर जिले में और अधिक मजबूत करने का संकल्प लिया।


