खबर वर्ल्ड न्यूज-बलौदाबाजार-भाटापारा। जिले के हथबंद थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर एक युवक पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि युवक को घर के पास बुलाने के बाद दो लोगों ने उसके साथ गाली-गलौज की और फिर चाकू तथा बांस के डंडे से हमला कर दिया। हमले में युवक के गले, पसली, बांह, कोहनी और सिर पर गंभीर चोटें आई हैं। मामले में हथबंद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल चाकू और बांस का डंडा भी जब्त किया गया है।
पुलिस के अनुसार घटना 9 सितंबर की है। ग्राम नवापारा निवासी सतीश कुमार महिलांग ने थाना हथबंद पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में उसने बताया कि शाम के समय पड़ोसी अरुण महिलांग ने उसे अपने घर के दरवाजे के पास बुलाया था। सतीश जब वहां पहुंचा तो अरुण महिलांग और उसके रिश्तेदार राजू बघेल ने पुरानी रंजिश को लेकर उसके साथ विवाद शुरू कर दिया। आरोप है कि दोनों ने पहले सतीश के साथ गाली-गलौज की। विवाद बढ़ने के बाद जान से मारने की नीयत से चाकू से उस पर हमला कर दिया गया। चाकू से सतीश के गले, बाईं पसली, बांह और कोहनी पर कई वार किए गए। अचानक हुए हमले के कारण वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस के मुताबिक इसके बाद आरोपियों ने घर का दरवाजा बंद कर लिया और बांस के डंडे से भी युवक पर हमला किया। उसके सिर पर तीन से चार बार डंडे से वार किया गया, जिससे सिर फट गया और खून बहने लगा। गंभीर रूप से घायल सतीश किसी तरह आरोपियों के चंगुल से निकलकर वहां से भागा और दूसरे ग्रामीणों के पास पहुंचा। घटना की जानकारी मिलने के बाद डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और घायल युवक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। इसके बाद सतीश की शिकायत के आधार पर थाना हथबंद में अपराध क्रमांक 196/2026 दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 109(1), 118(1), 127(2), 296 और 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। घायल और घटना से संबंधित गवाहों के बयान दर्ज किए गए। इसके साथ ही आरोपियों की तलाश के लिए अलग टीम गठित कर उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दी गई। पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार पूछताछ और मेमोरेंडम कथन के आधार पर आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू और बांस का डंडा बरामद कर जब्त किया गया। इसके बाद दोनों आरोपियों को 10 सितंबर को विधिवत गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ग्राम नवापारा निवासी 23 वर्षीय अरुण महिलांग और ग्राम चंगोरी निवासी 28 वर्षीय राजू बघेल के रूप में हुई है। राजू बघेल वर्तमान में थाना तिल्दा नेवरा क्षेत्र का निवासी बताया गया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजने की कार्रवाई की है। पुलिस का कहना है कि जिले में हिंसा, जानलेवा हमले और गंभीर अपराधों में शामिल लोगों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।
Trending
- खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए संसाधनों और अवसरों की नहीं होगी कमी : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय
- बलौदाबाजार में ‘सोलर दीदियों’ की नई क्रांति: बिहान स्व-सहायता समूह ने वेंडर बनकर रचा इतिहास, छतों पर चमक रही सौर ऊर्जा
- आधार बना जीवन का आधार- कलेक्टर के पहल से वृद्ध कृषक की वर्षों पुरानी समस्या का हुआ निराकरण
- बलरामपुर-रामानुजगंज में खुशियों की नई भोर: PM आवास योजना के तहत 6,968 परिवारों का सामूहिक गृह प्रवेश
- चाचा की हत्या कर तेलंगाना भागा आरोपी सांगारेड्डी से गिरफ्तार; जमीन विवाद में सिर पर डंडे से किया था हमला
- डिजिटल एडिक्शन आज किसी भी अन्य एडिक्शन से अधिक खतरनाक – राज्यपाल डेका
- सुदूर वनांचल में बदहाल व्यवस्था: धमतरी के चर्रा कच्छारपारा में नाला उफान पर, खाट पर मरीज को ढोने को मजबूर ग्रामीण
- निर्माण श्रमिकों की सामाजिक सुरक्षा पर मंथन


