वरिष्ठता सूची में प्राथमिक-माध्यमिक शाला का स्पष्ट उल्लेख, संतान पालन अवकाश और ऑनलाइन अवकाश आवेदन पर हुई चर्चा
खबर वर्ल्ड न्यूज-संतोष पाठक-मुंगेली। विकासखंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) कार्यालय मुंगेली में विभिन्न शिक्षक एवं कर्मचारी संघों के पदाधिकारियों की संयुक्त समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में शिक्षकों एवं कर्मचारियों से जुड़ी सेवा संबंधी समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई तथा उनके निराकरण के लिए कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर सहमति बनी। बैठक में संघ प्रतिनिधियों ने टीईटी (TET) आधारित वरिष्ठता सूची नियमानुसार तैयार करने की मांग रखी। साथ ही वरिष्ठता सूची में प्राथमिक एवं माध्यमिक शाला का स्पष्ट उल्लेख करने तथा सूची के संबंध में प्राप्त दावा-आपत्तियों का त्वरित निराकरण करने की बात कही गई। बैठक में संतान पालन अवकाश नियमानुसार स्वीकृत करने तथा सभी प्रकार के अवकाश के लिए ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से आवेदन करने की व्यवस्था को अनिवार्य रूप से लागू करने पर चर्चा हुई। इसके अलावा मर्ज किए गए स्कूलों में कार्यरत शिक्षकों के वेतन एवं अवकाश स्वीकृति से संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए उच्च विद्यालय का विकल्प उपलब्ध कराने पर भी सहमति बनी।
संघ पदाधिकारियों ने शिक्षकों एवं कर्मचारियों के लंबित सेवा संबंधी प्रकरणों को समयबद्ध तरीके से निपटाने की आवश्यकता पर जोर दिया। इस पर लंबित मामलों की समीक्षा एवं निराकरण के लिए प्रत्येक माह समन्वय बैठक आयोजित करने का निर्णय लिया गया। इससे शिक्षकों की समस्याओं को संबंधित अधिकारियों के समक्ष नियमित रूप से रखने और उनके समाधान की प्रक्रिया को गति मिलने की उम्मीद है।
बैठक में शिक्षक एवं कर्मचारी संघों के प्रतिनिधियों ने कहा कि विभागीय स्तर पर नियमित संवाद होने से सेवा संबंधी समस्याओं का समय पर निराकरण संभव होगा तथा शिक्षकों को अनावश्यक परेशानियों से राहत मिलेगी। इस अवसर पर रघुनाथ सिंह ठाकुर, संतोष कुमार सोनकर, दिनेश कुमार निर्मलकर, उमेश कुमार दीक्षित, जितेन्द्र धृतलहरे, पीला लाल दिवाकर, रेखा देवांगन, गजपाल साहू, डिगेश्वर सिंगरोल, छविराम यादव, मनोज कुमार आंचल, उपेश दीक्षित, जितेंद्र घृतलहरे सहित विभिन्न शिक्षक एवं कर्मचारी संघों के प्रमुख पदाधिकारी उपस्थित रहे।


