खबर वर्ल्ड न्यूज-रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय गांजा तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। “ऑपरेशन आघात” के तहत लैलूंगा पुलिस ने उत्तर प्रदेश के 8 गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 34 किलो 865 ग्राम गांजा, तीन कार, एक स्कूटी और आठ मोबाइल समेत कुल 61 लाख 53 हजार 200 रुपए की संपत्ति जब्त की गई है। इस बड़ी कार्रवाई का खुलासा रायगढ़ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में किया। उन्होंने बताया कि गांजा तस्करों का यह गिरोह ओडिशा से गांजे की खेप लेकर उत्तर प्रदेश जा रहा था। पुलिस और सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले की पुलिस की संयुक्त कार्रवाई से पूरा नेटवर्क सामने आया।
पुलिस के अनुसार, 3 सितंबर 2026 को लैलूंगा पुलिस को सूचना मिली थी कि एक काले रंग की टाटा सफारी वाहन क्रमांक UP 70 DF 0050 में भारी मात्रा में गांजा लेकर तस्कर ओडिशा से होते हुए लैलूंगा-पत्थलगांव मार्ग से उत्तर प्रदेश की ओर जा रहे हैं। सूचना मिलने के बाद थाना प्रभारी लैलूंगा उपनिरीक्षक गिरधारी साव ने वरिष्ठ अधिकारियों को जानकारी दी। एसएसपी शशि मोहन सिंह, एडिशनल एसपी अनिल सोनी और एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी शुरू कर दी। ग्राम कमरगा में पुलिस ने नाकाबंदी की। इसी दौरान जमुना की ओर से तेज रफ्तार में एक काले रंग की टाटा सफारी आती दिखाई दी। पुलिस ने वाहन को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक ने पुलिस के निजी वाहन को टक्कर मार दी और तेजी से भागने लगा।
पुलिस टीम ने पीछा करते हुए वाहन को मोतीपुर क्षेत्र में घेर लिया। इस दौरान टाटा सफारी के आगे एक स्कूटी सवार युवक पायलटिंग कर रहा था। पुलिस को देखकर दोनों वाहन चालक भागने लगे, लेकिन घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया गया। पूछताछ में टाटा सफारी चालक ने अपना नाम अनिल कुमार चौधरी निवासी गोंडा थाना गोंडा जिला अलीगढ़ उत्तर प्रदेश बताया। वहीं स्कूटी चालक की पहचान गगन कुमार चौधरी निवासी अलीगढ़ के रूप में हुई।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उनके साथ छह अन्य तस्कर दो हुंडई औरा कारों में आगे चल रहे थे और रास्ते की निगरानी कर रहे थे। इसके बाद सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले की सरिया पुलिस ने दोनों कारों को कंचनपुर बैरियर और बरगढ़ जाने वाले रास्ते पर पकड़ लिया। सरिया पुलिस की कार्रवाई में हुंडई औरा कार से संदीप सिंह, ललित पाल, शुभम सिंह और दीपांशु सिंह पकड़े गए। वहीं दूसरी कार से प्रिंस सिंह और देवेंद्र तिवारी को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि टाटा सफारी में गांजे की खेप रखी गई थी।
इसके बाद रायगढ़ पुलिस और सरिया पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में सभी आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना लैलूंगा में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(B) और 29 के तहत मामला दर्ज किया है। सभी आरोपियों को न्यायिक प्रक्रिया के तहत कार्रवाई के लिए भेजा गया है। पुलिस ने बताया कि जब्त सामान में 34 पैकेट गांजा, जिसकी कीमत करीब 17 लाख 43 हजार 200 रुपए है, टाटा सफारी कार, स्कूटी, दो हुंडई औरा कार और आठ मोबाइल शामिल हैं। रायगढ़ पुलिस ने कहा है कि जिले में नशे के कारोबार और अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और गांजा सप्लाई के स्रोत की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि मादक पदार्थों की तस्करी करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।


