खबर वर्ल्ड न्यूज़ – प्रिया पाठक, रायपुर। छत्तीसगढ़ में बिजली उपभोक्ताओं के लिए जरूरी खबर है। राज्य में 1 सितंबर 2026 से सभी श्रेणी के बिजली कनेक्शनों की eKYC प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। इसमें घरेलू के साथ गैर-घरेलू, कृषि, औद्योगिक, सड़क बत्ती और नलजल कनेक्शन भी शामिल होंगे।
eKYC के दौरान बिजली कंपनी के रिकॉर्ड में दर्ज उपभोक्ता के नाम और आधार कार्ड में दर्ज नाम का मिलान किया जाएगा। सत्यापन सफल होने के लिए दोनों जगह नाम का पूरी तरह मिलान जरूरी होगा। नाम की स्पेलिंग, पूरा नाम, उपनाम या नाम परिवर्तन में अंतर होने पर पहले बिजली कंपनी के रिकॉर्ड में सुधार कराना होगा। इसके बाद ही eKYC पूरी हो सकेगी।
घर बैठे ‘मोर बिजली’ ऐप से होगी eKYC
उपभोक्ताओं को eKYC के लिए अनिवार्य रूप से बिजली कार्यालय जाने की जरूरत नहीं होगी। ‘मोर बिजली’ ऐप के जरिए घर बैठे आधार प्रमाणीकरण किया जा सकेगा। ऑनलाइन प्रक्रिया में परेशानी होने पर संबंधित वितरण केंद्र या जोन कार्यालय में अधिकृत कर्मचारियों की मदद ली जा सकेगी। मीटर रीडर भी प्रक्रिया में सहयोग करेंगे।
eKYC के लिए नहीं लगेगा कोई शुल्क
बिजली उपभोक्ताओं के लिए eKYC की प्रक्रिया निःशुल्क रहेगी। किसी व्यक्ति द्वारा eKYC के नाम पर पैसे मांगे जाने पर सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। उपभोक्ताओं को आधार और OTP जैसी संवेदनशील जानकारी केवल अधिकृत माध्यम से ही साझा करनी चाहिए।
उपभोक्ताओं के लिए बेहतर होगा कि वे 1 सितंबर से पहले अपने बिजली बिल और आधार कार्ड में दर्ज नाम की जांच कर लें। यदि दोनों में अंतर है तो समय रहते बिजली कंपनी के रिकॉर्ड में सुधार करा लें, ताकि eKYC के दौरान सत्यापन में परेशानी न हो।


