खबर वर्ल्ड न्यूज़ – व्यास पाठक , रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, उप मुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा के खिलाफ सोशल मीडिया पर कथित तौर पर अमर्यादित और आपत्तिजनक टिप्पणियों को लेकर राजधानी रायपुर में शिकायत दर्ज कराई गई है। मामला सामने आने के बाद राजनीतिक और सामाजिक हलकों में नाराजगी जताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, सोमवार को राष्ट्रवादी विचारक वीरेंद्र दुबे ने सिविल लाइन थाने पहुंचकर पुलिस को शिकायत सौंपी। शिकायत के साथ सोशल मीडिया पोस्ट और कमेंट से जुड़े साक्ष्य भी पुलिस को उपलब्ध कराए गए हैं।
बताया गया है कि इंस्टाग्राम पर ‘सागर निर्मलकर’ नाम की आईडी से पोस्ट किए गए एक वीडियो के कमेंट सेक्शन में ‘@quail.3131469’ नामक यूजर आईडी से मुख्यमंत्री और दोनों उप मुख्यमंत्रियों के लिए कथित तौर पर बेहद आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया गया।
शिकायतकर्ता का कहना है कि लोकतंत्र में जनप्रतिनिधियों की आलोचना करने का अधिकार सभी को है, लेकिन आलोचना की आड़ में अश्लील और गाली-गलौज वाली भाषा का इस्तेमाल स्वीकार्य नहीं हो सकता।
साइबर सेल की मदद से जांच
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की प्राथमिक जांच शुरू कर दी है। साइबर सेल की सहायता से संबंधित सोशल मीडिया अकाउंट, डिजिटल साक्ष्य और अन्य तकनीकी जानकारियों की जांच की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) और सूचना प्रौद्योगिकी कानून की प्रासंगिक धाराओं के तहत कार्रवाई की जाएगी। डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर संबंधित यूजर की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
सोशल मीडिया पर बढ़ रहे आपत्तिजनक पोस्ट के मामले
प्रदेश में जनप्रतिनिधियों और सार्वजनिक पदों पर बैठे लोगों के खिलाफ सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक सामग्री पोस्ट किए जाने के मामले समय-समय पर सामने आते रहे हैं। ऐसे मामलों में पुलिस की साइबर इकाइयां सोशल मीडिया अकाउंट और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करती हैं।
फिलहाल इस मामले में पुलिस की जांच जारी है। शिकायत में लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।


