खबर वर्ल्ड न्यूज़ – व्यास पाठक, रायपुर। राजधानी के टिकरापारा थाना क्षेत्र में सार्वजनिक स्थान पर धारदार चाकू लहराकर राहगीरों में दहशत फैलाने वाले एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी नंदी चौक के पास चाकू लेकर लोगों को भयभीत कर रहा था। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को पकड़ लिया।
पुलिस के मुताबिक, शहर में अवैध हथियार रखने और चाकूबाजी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में डीसीपी वेस्ट जोन रोबिनसन गुड़िया, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राहुल देव शर्मा और सहायक पुलिस आयुक्त न्यू राजेंद्र नगर नवनीत पाटिल के निर्देश पर थाना क्षेत्रों में पेट्रोलिंग और संदिग्ध व्यक्तियों की निगरानी बढ़ाई गई है।
21 अगस्त 2026 को टिकरापारा थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि नंदी चौक के पास एक युवक धारदार लोहे का चाकू लेकर घूम रहा है और राहगीरों को डरा-धमका रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार मरई के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर आरोपी की घेराबंदी की और उसे गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से एक धारदार लोहे का चाकू बरामद किया गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान रजत उर्फ अभिषेक ठाकुर (30 वर्ष), पिता श्याम ठाकुर, निवासी नंदी चौक के पास टिकरापारा, रायपुर के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ टिकरापारा थाने में अपराध क्रमांक 773/2026 दर्ज किया है। आरोपी के विरुद्ध धारा 25 और 27 आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि राजधानी में अवैध हथियार लेकर घूमने और आम नागरिकों में भय पैदा करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है। सार्वजनिक स्थानों पर हथियार लेकर घूमना अथवा लोगों को डराना किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति के पास अवैध हथियार होने, चाकू लहराने या किसी अन्य आपराधिक गतिविधि की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचना दें। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस की पेट्रोलिंग और निगरानी लगातार जारी रहेगी।


