खबर वर्ल्ड न्यूज़ – रायपुर। छत्तीसगढ़ में गुरुवार सुबह प्रवर्तन निदेशालय (ED) की कार्रवाई से राजनीतिक हलकों में हलचल बढ़ गई। ED की टीम ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व प्रदेश कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल के औद्योगिक वार्ड स्थित आवास पर दबिश दी। सुबह से ही अधिकारी घर के भीतर दस्तावेजों और अन्य रिकॉर्ड की जांच कर रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक, ED की टीम दो अलग-अलग वाहनों से रामगोपाल अग्रवाल के आवास पर पहुंची। कार्रवाई में ED के चार अधिकारी और सुरक्षा बल के चार जवान शामिल बताए जा रहे हैं। टीम के पहुंचने के बाद घर के आसपास सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई। करीब आठ सदस्यीय टीम की कार्रवाई को लेकर इलाके में चर्चाएं तेज हो गई हैं।
शराब, कोयला और कस्टम मिलिंग मामलों से जुड़ने की चर्चा
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ED की यह कार्रवाई छत्तीसगढ़ में सामने आए कथित शराब घोटाले, कोयला घोटाले और कस्टम मिलिंग से जुड़े मामलों की जांच के सिलसिले में हो सकती है। हालांकि, फिलहाल प्रवर्तन निदेशालय की ओर से इस कार्रवाई को लेकर कोई विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
कांग्रेस में अहम जिम्मेदारियां संभाल चुके हैं अग्रवाल
रामगोपाल अग्रवाल छत्तीसगढ़ कांग्रेस में लंबे समय तक संगठन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल चुके हैं। वह प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कोषाध्यक्ष भी रह चुके हैं। उनके आवास पर ED की कार्रवाई की खबर सामने आने के बाद प्रदेश के राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।
फिलहाल ED की जांच जारी है और कार्रवाई पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि अधिकारियों ने किन दस्तावेजों और रिकॉर्ड की जांच की तथा कार्रवाई का वास्तविक आधार क्या है।


