खबर वर्ल्ड न्यूज-रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून इन दिनों अपने पूरे एक्शन में नजर आ रहा है। बंगाल की खाड़ी में बने सिस्टम ने बारिश की गतिविधियां बढ़ा दी है। प्रदेश के कई इलाकों में जमकर बादल बरसे हैं। राजधानी रायपुर समेत कई क्षेत्रों में बादल गरजने-चमकने के साथ हुई फुहारों ने मौसम सुहावना कर दिया है। बुधवार को भी मौसम विभाग ने कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश को लेकर संभावना जताई है। दो दिन बाद भी ऐसा ही मौसम बने रह सकता है।
राजधानी रायपुर में भी बारिश का दौर जारी रहने के आसार हैं। 19 अगस्त को शहर में आसमान सामान्यतः बादलों से ढंका रहने और कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है। अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के करीब रह सकता है।
मौसम विभाग ने बताया कि उत्तरी और मध्य छत्तीसगढ़ के अधिकांश स्थानों में वर्षा हुई, जिसमें सरगुजा और रायपुर संभाग के एक-दो स्थानों में भारी से बहुत भारी वर्षा हुई। प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान बिलासपुर में 28.0 डिग्री सेल्सियस और सबसे कम न्यूनतम तापमान दुर्ग में 21.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक प्रदेश में बीते 24 घंटों के दौरान कई स्थानों पर अच्छी बारिश दर्ज की गई। बागबाहरा में सर्वाधिक 14 सेमी वर्षा हुई, जबकि महासमुंद, छुरा, राजिम और कोमाखान में 11-11 सेमी बारिश रिकॉर्ड की गई। आरंग, भटगांव, भाखरा, बिहारपुर और लटोरी में 9-9 सेमी, जबकि कुरूद, प्रतापपुर और गरियाबंद में 8-8 सेमी वर्षा हुई। मगरलोड, कांसाबेल, कुनकुरी और मनोरा में 7-7 सेमी बारिश दर्ज की गई। छाल, चंद्रपुर, दुलदुला, खरोरा और चलगली में 6-6 सेमी, जबकि तमनार, कुटरू, धाभरा, अंबिकापुर, गोबरा नवापारा, सूरजपुर, घरघोड़ा, पाटन, रायगढ़, बगीचा, दौरा कोचली, कर्तला, पुसौर, बागभरा और बलरामपुर में 5-5 सेमी वर्षा हुई। वहीं ओडगी, रघुनाथ नगर, अभनपुर, तिल्दा, सीतापुर, पलारी, खरसिया, धरसीवा, रामानुजनगर, दुर्ग, वाड्रफनगर, जांजगीर और सरंगढ़ में 4-4 सेमी बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा प्रदेश के अनेक अन्य स्थानों पर इससे कम वर्षा हुई।
मौसम में इस बदलाव की बड़ी वजह उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे लगे पश्चिम बंगाल-उत्तरी ओडिशा क्षेत्र का मौसम तंत्र है। मौसम विभाग ने बताया कि एक अवदाब झारखंड और उससे लगे गंगेटिक पश्चिम बंगाल के उत्तरी भाग में स्थित है, जो झारखंड और बिहार की तरफ रवाना हो रहा है। वहीं मानसून द्रोणिका माध्य समुद्र तल पर फिरोजपुर, देहरादून, शाहजहांपुर, वाराणसी, डेहरी, अवदाब के केंद्र, दीघा और उसके बाद दक्षिण पूर्व की ओर उत्तर पूर्व बंगाल की खाड़ी तक स्थित है। बुधवार को अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम और एक दो स्थानों पर भारी से अतिभारी वर्षा होने की संभावना है।
Trending
- घर में रामचरितमानस है तो भूलकर भी न रखें इस जगह, जानें सही नियम
- टेस्ट में ‘सर’ जडेजा का अजीब रिकॉर्ड: 2021 से अब तक फेंकी सबसे ज्यादा नो-बॉल, स्पिनरों की सूची में शीर्ष पर
- ‘आवारापन 2’ ने 5वें दिन रचा इतिहास: 100 करोड़ के क्लब में एंट्री, इमरान हाशमी के करियर को मिला पहला ‘सोलो’ शतक
- बरसात के मौसम में सुपरफूड ‘कैथ’: जानें क्यों है यह खास, जानिए पोषण के आंकड़े और सेहत से जुड़े फायदे
- रायपुर में रिश्तों को तार-तार करने वाली सनसनीखेज वारदात: पिता ने नाबालिग बेटी से किया दुष्कर्म, फर्जी आईडी से कराया प्रसव; 6 गिरफ्तार
- रायपुर: एक्सिस बैंक के डिप्टी मैनेजर ने रचा 14.97 लाख का फ्रॉड, वरिष्ठ नागरिक को बनाया निशाना
- बातचीत बंद करने से नाराज युवक का खौफनाक कदम: कांवड़ यात्रा के दौरान महिला पर फेंका एसिड, दो बच्चे भी झुलसे; आरोपी गिरफ्तार
- छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय में तीन नए न्यायाधीशों की नियुक्ति, कॉलेजियम ने दी मंजूरी


