भाजपा जिला अध्यक्ष दीनानाथ केशरवानी ने छत्तीसगढ़ राज्य आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) मिशन को मंजूरी देने पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का जताया आभार
खबर वर्ल्ड न्यूज़ – संतोष पाठक, मुंगेली। भाजपा जिला अध्यक्ष दीनानाथ केशरवानी ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य मंत्रिपरिषद द्वारा छत्तीसगढ़ राज्य आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) मिशन को मंजूरी दिए जाने का स्वागत करते हुए इसे प्रदेश में डिजिटल विकास, सुशासन और कौशल संवर्धन की दिशा में ऐतिहासिक निर्णय बताया है।
केशरवानी ने कहा कि आगामी पाँच वर्षों में 500 करोड़ रुपये की लागत से संचालित होने वाला यह मिशन प्रदेश के दूरस्थ क्षेत्रों तक आधुनिक तकनीक की पहुँच सुनिश्चित करेगा। इसके तहत राज्यभर में 100 अत्याधुनिक एआई डेटा लैब स्थापित की जाएंगी, 5 सेंटर ऑफ एक्सीलेंस विकसित किए जाएंगे तथा 300 से अधिक एआई स्टार्टअप्स को आर्थिक एवं तकनीकी सहयोग प्रदान किया जाएगा। साथ ही 6 लाख विद्यार्थियों और 1.5 लाख शासकीय कर्मचारियों को एआई का प्रशिक्षण दिया जाएगा तथा शासन-प्रशासन को अधिक पारदर्शी एवं प्रभावी बनाने के लिए 50 से अधिक एआई आधारित सेवाएं विकसित की जाएंगी।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार केवल घोषणाएं नहीं, बल्कि योजनाओं को धरातल पर उतारने का कार्य कर रही है। यह मिशन युवाओं को नई तकनीक से जोड़ने, रोजगार और नवाचार को बढ़ावा देने तथा प्रदेश को डिजिटल अर्थव्यवस्था में अग्रणी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए केशरवानी ने कहा कि वर्षों तक सत्ता में रहने के बावजूद कांग्रेस तकनीकी विकास के क्षेत्र में ठोस कार्य नहीं कर सकी, जबकि विष्णुदेव साय सरकार आधुनिक तकनीक को जनहित और सुशासन से जोड़ते हुए प्रभावी परिणाम दे रही है।
केशरवानी ने विश्वास व्यक्त किया कि भारत सरकार के इंडिया एआई मिशन के अनुरूप यह पहल छत्तीसगढ़ को नवाचार, डिजिटल उत्कृष्टता और भविष्य की तकनीकों के क्षेत्र में अग्रणी राज्य बनाने में मील का पत्थर सिद्ध होगी।


