खबर वर्ल्ड न्यूज़ – प्रिया पाठक, रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने मंत्रालयीन संवर्ग के कर्मचारियों को बड़ी राहत देते हुए सचिवालय सेवा का नया सेटअप मंजूर कर अधिसूचित कर दिया है। करीब 14 वर्ष बाद सचिवालय सेवा में नए पदों को स्वीकृति मिली है। इस फैसले से लंबे समय से लंबित पदोन्नतियों का रास्ता साफ होने की उम्मीद है।
सरकार के आदेश के मुताबिक, छत्तीसगढ़ सचिवालय सेवा भर्ती नियम-2012 के तहत सहायक अनुभाग अधिकारी से लेकर संयुक्त सचिव स्तर तक विभिन्न पदों में वृद्धि की गई है। नए सेटअप में संयुक्त सचिव के 2, उप सचिव के 14, अवर सचिव के 10, अनुभाग अधिकारी के 9 और सहायक अनुभाग अधिकारी के 20 पद बढ़ाए गए हैं।
सामान्य प्रशासन विभाग ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिया है। साथ ही आवश्यक कार्रवाई के लिए मुख्य लेखा अधिकारी को भी सूचित किया गया है।
सरकार के इस निर्णय को मंत्रालयीन कर्मचारियों के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। नए पदों के सृजन से जहां लंबे समय से रुकी पदोन्नतियों को गति मिलने की उम्मीद है, वहीं कर्मचारियों के कैरियर ग्रोथ के अवसर भी बढ़ेंगे। इसके साथ ही सचिवालय की प्रशासनिक कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी और व्यवस्थित बनाने में भी मदद मिलने की संभावना है।



