खबर वर्ल्ड न्यूज-राकेश पांडेय-नारायणपुर। जिले के अबूझमाड़ के 14 दूरस्थ गांवों के लिए इस बार का मानसून एक नई उम्मीद लेकर आया है। उफनती नदियों और नालों के कारण बरसात में दुनिया से पूरी तरह कट जाने वाले इन गांवों को जोड़ने के लिए 44 वीं वाहिनी आईटीबीपी के जवानों ने लकड़ी के अस्थायी ‘फुट ब्रिज’ (पैदल पुल) तैयार कर ग्रामीणों को बड़ी राहत दी है।
वर्ष 1990 के दशक से अत्यधिक नक्सली प्रभाव के कारण इस अंदरूनी इलाके में सड़क और स्थायी पुल-पुलियों जैसी मूलभूत सुविधाओं का निर्माण एक बड़ी चुनौती बना रहा । हर साल बारिश के मौसम में नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने से 14 गांवों का ओरछा मुख्यालय से संपर्क पूरी तरह टूट जाता था। इसके चलते ग्रामीणों के सामने स्वास्थ्य सेवाओं, राशन और दैनिक जरूरतों के लिए आवाजाही करना जान जोखिम में डालने जैसा था।
क्षेत्र में 44वीं वाहिनी आईटीबीपी द्वारा सुरक्षा कैंप स्थापित किए जाने के बाद जवानों ने न केवल सुरक्षा का माहौल बनाया, बल्कि ग्रामीणों की इस पुरानी पीड़ा को समझा। जवानों ने स्थानीय संसाधनों का उपयोग कर रणनीतिक स्थानों पर मजबूत लकड़ी के अस्थायी फुट ब्रिज बनाए हैं। अब इन पुलों के जरिए ग्रामीण बरसात में भी पैदल और दोपहिया वाहनों से सुरक्षित रूप से ओरछा आ-जा सकेंगे।
सेनानी, 44वीं वाहिनी आईटीबीपी के सिद्धिक पी. पी.ने कहा कि हमारी प्राथमिकता केवल सुरक्षा प्रदान करना ही नहीं, बल्कि स्थानीय नागरिकों के जीवन को सुगम बनाना भी है। जब तक स्थायी सड़क और पुलों का निर्माण पूरा नहीं हो जाता, तब तक ये अस्थायी लकड़ी के ब्रिज ग्रामीणों के लिए लाइफलाइन का काम करेंगे। दशकों बाद बारिश के दिनों में भी सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलने पर स्थानीय ग्रामीणों ने आईटीबीपी के इस मानवीय प्रयास की सराहना की है। ग्रामीणों का कहना है कि इन पुलों ने उनकी मुश्किलों को आसान कर दिया है और अब आपात स्थिति में अस्पताल पहुंचना या राशन लाना संभव हो सका है।
Trending
- नक्सलवाद के साये से समृद्धि के उजाले तक, भारत मंडपम में दिखा नए छत्तीसगढ़ का नया चेहरा
- जनजातीय गौरव दिवस पर जनजातीय संस्कृति, परंपरा और विरासत की दिखी अनुपम झलक
- मानव तस्करी और घरेलू हिंसा के खिलाफ जागरूकता का संदेश देगी राष्ट्रीय कार्यशाला, राज्यपाल करेंगे शुभारंभ, मुख्यमंत्री होंगे शामिल
- पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आबकारी नीति, फसल रकबा और मतदाता सूची के मुद्दों पर सरकार को घेरा
- पूल क्लब की आड़ में हेरोइन (चिट्टा) तस्करी का भंडाफोड़: 4 आरोपी गिरफ्तार, 3.69 लाख से अधिक की संपत्ति जब्त
- प्रधानमंत्री आवास योजना से रामकुमार कश्यप के परिवार को मिला पक्का आशियाना
- सेवा सेतु पोर्टल से रवि कुमार साहू को 10 दिनों में मिला स्थायी जाति प्रमाण पत्र
- गम्हरिया धान खरीदी केंद्र की व्यवस्थाओं से अन्नदाता संतुष्ट, ₹3,100 प्रति क्विंटल दर और ₹13,839 आदान सहायता ने बढ़ाया भरोसा


