प्रशासन ने जारी की रेड एडवाइजरी
खबर वर्ल्ड न्यूज-संतोष कुमार-बीजापुर। बीजापुर जिले में पिछले दो दिनों से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। जिले के छोटे-बड़े नदी-नाले उफान पर हैं, जिससे कई प्रमुख सड़क मार्गों पर आवागमन ठप हो गया है। बीजापुर से बारेगुड़ा, गंगालूर समेत कई मार्ग बंद होने से सैकड़ों गांवों का जिला मुख्यालय से संपर्क कट गया है। वहीं जिला प्रशासन ने लोगों से अत्यंत आवश्यक होने पर ही घरों से बाहर निकलने, उफनते नदी-नालों और पुल-पुलियों से दूर रहने तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल एनडीआरएफ और तहसील कंट्रोल रूम को सूचना देने की अपील की है।
पिछले दो दिनों से हो रही लगातार मूसलाधार बारिश के कारण बीजापुर जिले के अधिकांश छोटे-बड़े नदी-नाले उफान पर हैं। कई स्थानों पर पानी सड़क के ऊपर से बह रहा है, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया है। बीजापुर से बारेगुड़ा, गंगालूर सहित अनेक प्रमुख मार्ग बंद होने से सैकड़ों गांवों का जिला मुख्यालय से संपर्क टूट गया है। ग्रामीणों को आवागमन और दैनिक आवश्यकताओं के लिए भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बारिश की गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी करते हुए अपील की है कि अत्यंत आवश्यक होने पर ही घरों से बाहर निकलें। उफनते नदी-नालों, पुल-पुलियों और जलभराव वाले क्षेत्रों के पास न जाएं तथा किसी भी स्थिति में तेज बहाव वाले नालों या नदियों को पार करने का प्रयास न करें।
प्रशासन ने यह भी चेतावनी दी है कि लगातार बारिश के कारण सांप, बिच्छू एवं अन्य जहरीले जीव-जंतु रिहायशी इलाकों में निकल सकते हैं। इसलिए लोगों से विशेष सतर्कता बरतने, बच्चों पर निगरानी रखने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की गई है। जिला प्रशासन ने निर्देश दिए हैं कि किसी भी आपातकालीन स्थिति, जनहानि, दुर्घटना, बाढ़ में फंसे लोगों अथवा राहत एवं बचाव की आवश्यकता होने पर तत्काल एनडीआरएफ तथा संबंधित तहसील के कंट्रोल रूम को सूचना दें, ताकि समय रहते राहत एवं बचाव कार्य किया जा सके। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और केवल प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक निर्देशों का पालन करने की अपील की है।


