भूपेश सरकार का कार्यकाल पीएससी घोटाला, भ्रष्टाचार और लचर नीतियों की मिसाल रहा
खबर वर्ल्ड न्यूज-रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य गृह निर्माण मण्डल के अध्यक्ष अनुराग सिंहदेव ने कांग्रेस और पूर्ववर्ती भूपेश बघेल सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा है कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के दौरान डिप्टी कलेक्टर और राज्य प्रशासनिक सेवा के अन्य उच्च पदों, जो कि पीएससी जैसी संस्थाओं के माध्यम से भरे जाते हैं, की खुलेआम नीलामी की गई। मेधावी और योग्य युवाओं के अधिकारों को दरकिनार कर पदों को बेचा गया। तत्कालीन सरकार के दौरान हुए बड़े पैमाने पर घोटालों का ही परिणाम है कि आज लोक सेवा आयोग के पूर्व अध्यक्ष सहित कई जिम्मेदार अधिकारी एवं व्यक्ति जेल की सलाखों के पीछे हैं।
गृह निर्माण मण्डल के अध्यक्ष सिंहदेव ने कहा कि एक ओर कांग्रेस और उसके नेता नैतिकता, भ्रष्टाचार-विरोध और पेपर लीक की बातें करते हैं, तो दूसरी ओर उनके अपने ही शासनकाल में हुए इन गंभीर घोटालों पर वे मौन साधे रहते हैं। तो अब कांग्रेस किस मुँह से पेपर लीक को लेकर मिथ्याचार का प्रदर्शन कर रही है? सिंहदेव ने कहा कि कांग्रेस कितनी छात्र और युवा विरोधी है, यह पूरा प्रदेश भलीभाँति जानता है। कांग्रेस शासनकाल में तो पेपर लीक नहीं, पदों की नीलामी हुई थी! प्रदेश के युवाओं और अभ्यर्थी छात्रों के साथ भारी छल किया गया। पिछली सरकार का कार्यकाल केवल भ्रष्टाचार, पदों की नीलामी और जनविरोधी फैसलों के लिए याद किया जाएगा।
गृह निर्माण मण्डल के अध्यक्ष सिंहदेव ने कहा कि कांग्रेस के नेता राहुल गांधी इस भ्रष्टाचार की जवाबदेही से बच नहीं सकते। यदि गांधी में यदि जरा भी शर्म और नैतिकता शेष है तो उन्हें भ्रष्ट आचरण में संलिप्त छत्तीसगढ़ के तत्कालीन मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और उनके साथ सरकार में प्रमुख पदों पर रहे नेता जैसे टी.एस. सिंहदेव समेत दीगर मंत्रियों व नेताओं, जिन्हें जनता ने तो चुनाव में पहले ही नकार दिया है, पर सख्त कार्रवाई करते हुए अब उन्हें पार्टी के पदों से भी हटाना चाहिए। सिंहदेव ने कहा कि छत्तीसगढ़ की जनता ने भूपेश सरकार की नीतियों, घोटालों और छलावे को भली-भाँति समझकर उन्हें सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाया है। अब घड़ियाली आँसू बहाने से कांग्रेस का चरित्र बदलने वाला नहीं है। कांग्रेस के पाखंडपूर्ण चाल-चरित्र-चेहरे को जेन-जी और युवा जान और पहचान गया है।


