खबर वर्ल्ड न्यूज-संतोष कुमार-बीजापुर। संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा 29 जुलाई 2026 से 20 फरवरी 2027 तक देशव्यापी ‘समरसता संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। इसकी जानकारी पूर्व मंत्री महेश गागड़ा ने बीजापुर स्थित भाजपा अटल सदन में आयोजित प्रेसवार्ता में दी।
महेश गागड़ा ने कहा कि अभियान का उद्देश्य गुरु रविदास महाराज के समता, सामाजिक न्याय, मानवता, सेवा, सद्भाव और सामाजिक समरसता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना तथा विकसित भारत के निर्माण में समाज के प्रत्येक वर्ग की भागीदारी सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि गुरु रविदास महाराज किसी एक समाज के नहीं, बल्कि सम्पूर्ण मानवता के संत हैं और उनके विचार आज भी समाज को समानता एवं राष्ट्रीय एकता की प्रेरणा देते हैं।
उन्होंने बताया कि अभियान की शुरुआत 29 जुलाई को गुरु पूर्णिमा के अवसर पर देशभर के मंदिरों में 51 हजार से अधिक दीप प्रज्ज्वलित कर की जाएगी। साथ ही वाराणसी स्थित गुरु रविदास महाराज की जन्मस्थली से पवित्र मिट्टी और जल से भरे कलश देशभर के राज्यों, जिलों और मंदिरों तक पहुंचाए जाएंगे। इस दौरान दीपोत्सव, भजन-कीर्तन, धार्मिक प्रवचन और समरसता से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित होंगे। गागड़ा ने बताया कि 29 जुलाई से 31 अगस्त तक संत संपर्क अभियान, 5 अक्टूबर से 5 नवंबर तक गुरु रविदास समरसता यात्रा तथा 26 नवंबर 2026 से 15 जनवरी 2027 तक छात्र संपर्क अभियान आयोजित किया जाएगा। विद्यालयों और महाविद्यालयों में समरसता संवाद, चित्र प्रदर्शनी, संगोष्ठियां और प्रतियोगिताओं के माध्यम से युवाओं को गुरु रविदास महाराज के जीवन और उनके विचारों से जोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि अभियान के सफल संचालन के लिए प्रदेश, जिला और मंडल स्तर पर समितियों का गठन किया जा रहा है। यह अभियान केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता, राष्ट्रीय एकता और विकसित भारत के निर्माण का व्यापक जनआंदोलन होगा।
प्रेसवार्ता में प्रदेश कार्यसमिति सदस्य श्रीनिवास मुदलियार, जिला अध्यक्ष घासीराम नाग, जिला पंचायत अध्यक्ष जानकी कोरसा, जिला महामंत्री फूलचंद गागड़ा, मंडल अध्यक्ष अशोक राव, जिला मीडिया प्रभारी प्रताप यादव सहित जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Trending
- भाजपा ओबीसी मोर्चा की नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी घोषित: छत्तीसगढ़ के विधायक ललित चंद्राकर बने राष्ट्रीय महामंत्री
- किराना दुकान से आत्मनिर्भर बनीं पूनम देवी
- चक्रवात से प्रभावित किसानों को मिलेगी राहत, फसल क्षति का सर्वे करने खेतों तक पहुंचा प्रशासन
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के करोड़ों लोगों को गरीबी से मिली मुक्ति : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय
- धान खरीदी 2026-27: किसानों की समस्याओं के त्वरित समाधान पर शासन का फोकस, रकबा सुधार और खरीदी केंद्रों की व्यवस्थाओं में तेज़ी
- दिल्ली से लौटे मुख्यमंत्री साय: बोले- अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले से छत्तीसगढ़ की लोक कला को मिल रही वैश्विक पहचान
- उत्साह और गरिमामय वातावरण में मनाया गया जनजातीय गौरव दिवस
- चिल्फी अंतर्राज्यीय चेकपोस्ट पर बड़ी कार्रवाई: बिहार के कैमूर से लाया जा रहा 301 क्विंटल धान जब्त, मंडी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज


