‘एक पेड़ माँ के नाम’ और ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का किया आगाज
खबर वर्ल्ड न्यूज-संतोष कुमार-बीजापुर। बीजापुर जिले के भैरमगढ़ विकासखंड के अंदरूनी गांव जैगूर में रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 136वें संस्करण का सामूहिक श्रवण किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। इस दौरान छत्तीसगढ़ शासन के वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री केदार कश्यप ने वनाधिकार पत्र वितरित किए, ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का शुभारंभ किया और ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
बीजापुर जिले के भैरमगढ़ विकासखंड की ग्राम पंचायत दरभा के जैगूर गांव में आयोजित कार्यक्रम में ग्रामीणों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम को सामूहिक रूप से सुना। अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने कारगिल विजय दिवस पर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए आत्मनिर्भर भारत, स्वदेशी रक्षा उत्पादन, पर्यावरण संरक्षण और ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया। साथ ही छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में जल संरक्षण के कार्यों की सराहना करते हुए युवाओं से विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रभारी मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस अवसर पर छह हितग्राहियों को व्यक्तिगत वनाधिकार पत्र प्रदान किए गए। वहीं नीट-2026 में सफलता प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों का सम्मान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। कार्यक्रम के दौरान हर घर तिरंगा अभियान की शुरुआत करते हुए ग्रामीणों को तिरंगा वितरित किया गया। इसके साथ ही एक पेड़ माँ के नाम अभियान के अंतर्गत पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया और सभी से अधिक से अधिक वृक्ष लगाने की अपील की गई।
कार्यक्रम में पूर्व मंत्री महेश गागड़ा, जिला पंचायत अध्यक्ष जानकी कोरसा, जिला पंचायत सदस्य मैथियस कुजूर सहित जनप्रतिनिधि, कलेक्टर विश्वदीप, डीएफओ डॉ. जाधव सागर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमन कुमार झा, विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। राष्ट्रभक्ति, जनभागीदारी और विकसित भारत के संकल्प के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।


