खबर वर्ल्ड न्यूज़ – संतोष पाठक, मुंगेली। मुंगेली पुलिस ने एक बार फिर त्वरित कार्रवाई और मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए सड़क दुर्घटना में घायल युवक की समय पर मदद कर उसकी जान बचाने में अहम भूमिका निभाई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल (भा.पु.से.) के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा एवं उप पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह के मार्गदर्शन में डायल-112 टीम ने महज दो मिनट में घटनास्थल पर पहुंचकर घायल को अस्पताल पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार, रविवार 26 जुलाई 2026 को दोपहर 12:56 बजे डायल-112 को सूचना मिली कि सरगांव के सल्फा चौक के पास एक युवक सड़क पर घायल अवस्था में पड़ा है। सूचना मिलते ही डायल-112 टीम तत्काल रवाना हुई और लगभग दो किलोमीटर की दूरी तय कर मात्र दो मिनट में, 12:58 बजे घटनास्थल पर पहुंच गई।
घायल ने अपना नाम बसंत पाटले (28 वर्ष), पिता बग्गू, निवासी सेवती, बिल्हा, जिला बिलासपुर बताया। उसने पुलिस को बताया कि वह अपने ससुर के साथ मोटरसाइकिल से बिल्हा से संबलपुर स्थित ससुराल जा रहा था। इसी दौरान अचानक उसे दौरा पड़ने से बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में उसके सिर, आंख के ऊपर और पैर में चोटें आईं।
डायल-112 टीम ने बिना समय गंवाए घायल को सुरक्षित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, सरगांव पहुंचाया, जहां उसे तत्काल उपचार के लिए भर्ती कराया गया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से घायल को समय पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो सकी।
इस सराहनीय कार्य में डायल-112 के आरक्षक सूरज कुमार धुरी (आरक्षक क्रमांक 429) एवं चालक साहेब लाल नवरंग की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
मुंगेली पुलिस ने कहा है कि आमजन की सुरक्षा और आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित सहायता उपलब्ध कराने के लिए पुलिस हमेशा तत्पर और प्रतिबद्ध है।


